
नई दिल्ली। इस बार देशभर में नए साल की शुरुआत ठंड, बर्फबारी और बारिश के साथ हुई। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरुआत हो गई। इसका असर मैदानी राज्यों पर नजर आ रहा है। इससे पूरे उत्तर भारत में सर्दी ने जोर पकड़ लिया।
जम्मू-कश्मीर की सोनमर्ग टनल के पास तेज बर्फबारी हुई। हिमाचल में के लाहौल स्पीति में 30 दिसंबर की शाम से बर्फबारी जारी है। यहां तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। मध्य प्रदेश में शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 1.7 डिग्री रहा। छत्तीसगढ़ के मैनपाट में रात का तापमान 2 डिग्री तक पहुंच गया। अंबिकापुर, गौरेला, पेंड्रा, मरवाही में ओस जम गई। अभी 4 संभाग कोल्ड वेव की चपेट में हैं। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच 2 दिन बारिश की भी चेतावनी है।
गुरूवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने के संकेत हैं। पहाड़ी राज्यों के निचले इलाकों में हल्की बारिश, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण कई इलाकों में सर्दी और शीतलहर का असर बढ़ सकता है।
सर्दी और खराब मौसम से फ्लाइट कैंसिल
श्रीनगर एयरपोर्ट पर बुधवार को 6 फ्लाइट रद्द की गई। इनमें इंडिगो की 1, एयर इंडिया की 3 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 1 फ्लाइट शामिल है। स्पाइसजेट की 1 फ्लाइट ऑपरेशनल कारणों से कैंसिल की गई है। असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले में सर्दी और खराब मौसम के कारण सभी सरकारी और प्रोविसिलाइज्ड स्कूलों की छुट्टी 6 जनवरी तक के लिए की गई है। प्राइवेट स्कूलों को खुद से फैसला लेने का कहा गया है।
नर्मदापुरम में ठंड की वजह से पहली मौत
नर्मदापुरम शहर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। कड़कड़ाती ठंड के बीच बुधवार को एक 35 साल के युवक की मौत का मामला सामने आया। सुबह 8 बजे जिला अस्पताल तिराहे पर मृतक का शव मिला। सूचना पर डॉयल 112 पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा। मृतक की पहचान नहीं हो पाई। डॉक्टर ने प्रथम दृष्टया मौत की वजह अत्याधिक ठंड बताई है। कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। शव को मर्चुरी रूम में रखवाया है। शिनाख्त के लिए परिजन की तलाश कर रही है।
कोतवाली थाना टीआई कंचन सिंह ठाकुर के मुताबिक बुधवार सुबह अस्पताल तिराहे पर एक 35 साल के व्यक्ति की लाश मिली। डॉक्टर ने मौत की वजह प्रथम दृष्टया ठंड बताई है। मृतक के सीधे हाथ की कलाई पर ‘मां’ लिखा है। शोल्डर के पास राम जाने और ? का चिन्ह बना है। मृतक के पास दवा की पर्ची भी मिली। जिसमें पिंटू पिता अनवर लिखा है। जिसकी शिनाख्त की जा रही है।

