
इंदौर। शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जोन-02 क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर यह अभियान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह के नेतृत्व में तथा पुलिस उपायुक्त जोन-02 कुमार प्रतीक और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के तहत जोन-02 क्षेत्रांतर्गत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी छोटे-बड़े होटल एवं ढाबों में विशेष सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, कर्मचारियों के दस्तावेजों का सत्यापन एवं नियमों के पालन की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जनसंवाद एवं मोहल्ला मीटिंग का आयोजन किया गया। इन बैठकों में नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और स्थानीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई तथा सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाई गई।
जोन-02 में निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन पेट्रोलिंग शुरू की गई, वहीं संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति का संदेश दिया गया। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।
