
इंदौर। करीब डेढ़ सप्ताह से छाए बादल मंगलवार से छंटना शुरू हो गए। इससे रात के तापमान में गिरावट महसूस की जाने लगी। रात का पारा लुढ़ककर 20.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी औसत से 5 डिग्री ज्यादा रहा। 6 नवंबर के बाद से तापमान में ज्यादा गिरावट आने लगेगी और रात का 16-17 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, ठंड को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम एक्टिव होता नजर नहीं आ रहा। पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी शुरू हो गई। आसमान साफ होते ही उत्तर से आने वाली हवा अपने साथ जोरदार ठंड लेकर आएगी। दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी। लगातार बादल, बारिश के कारण रात की जगह दिन ज्यादा ठंडे रहे। मंगलवार को दिन का तापमान 29.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1 डिग्री कम रहा।
इस ठंड के सीजन की खास बात यह है कि बादल, बारिश की वजह से रात के बजाय दिन में ठंड महसूस हुई। अधिकतम तापमान पर नजर डालें तो यह औसत से 9 डिग्री तक कम दर्ज हो चुका है। इस बार लगातार 12 रात से न्यूनतम तापमान औसत से 4 से 6 डिग्री तक अधिक दर्ज हो रहा है। मंगलवार को सुबह के वक्त आसमान साफ हुआ था, फिर 7 बजे के बाद हलके बादल छा गए थे। बारिश जैसी स्थिति भी बनी, लेकिन 10 बजे तक मौसम फिर साफ होता चला गया।
प्रदेश का मौसम बदला
प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। अरब सागर से आने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बादल छाए और ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी मौसम मिला-जुला रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 5 से 8 नवंबर के बीच प्रदेश का मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा। 9 नवंबर से मौसम फिर बदलेगा और बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। अरब सागर पर बना चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता इस बदलाव की मुख्य वजह है। विभाग ने किसानों और यात्रियों को सलाह दी है कि वे कुछ दिनों तक मौसम पर नजर रखें।
