

नोएडा। पाकिस्तान से चोरी-छुपे भारत आईं सीमा हैदर ने मंगलवार को नोएडा के एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। यह उनका छठा बच्चा है। जानकारी के मुताबिक, नॉर्मल डिलीवरी के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। देर शाम डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी, जिसके बाद वह अपने पति सचिन मीणा के साथ नोएडा के रबूपुरा स्थित घर पहुंचीं।
परिवार और पड़ोसियों ने नवजात के जन्म पर खुशी जताई। सचिन के परिजनों ने मोहल्ले में मिठाई बांटकर जश्न मनाया। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि डॉक्टरों ने मां और बच्चे को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
चार लड़कियां साथ लाई, सचिन से यह दूसरा बच्चा
करीब 11 महीने पहले सीमा ने एक बेटी को जन्म दिया था। इससे पहले उनके चार बच्चे उनके पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर से हैं। सचिन मीणा से यह उनका दूसरा बच्चा है। सीमा हैदर वर्ष 2023 से नोएडा के रबूपुरा में सचिन के साथ रह रही हैं। दोनों की कहानी देशभर में चर्चा का विषय रही है और यह दंपती सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। इनके यूट्यूब चैनल को 20 लाख से अधिक लोग सब्सक्राइब कर चुके हैं।
दोनों को पब्जी खेल ने मिलाया
सीमा और सचिन की मुलाकात ऑनलाइन गेम पब्जी के जरिए हुई थी। सीमा की शादी 2014 में गुलाम हैदर से हुई थी। वर्ष 2019 में गुलाम हैदर दुबई चले गए थे। इसी दौरान PUBG खेलते हुए सीमा और सचिन की ऑनलाइन बातचीत शुरू हुई। 10 मार्च 2023 को दोनों नेपाल में मिले और मंदिर में शादी करने का दावा किया। इसके बाद सीमा पाकिस्तान लौट गईं, जबकि सचिन नोएडा आ गए। 13 मई 2023 को सीमा दुबई होते हुए नेपाल पहुंचीं और वहां से बस के जरिए रबूपुरा आईं। 1 जुलाई को दोनों बुलंदशहर में भारतीय पहचान पत्र बनवाने के सिलसिले में एक वकील से मिले, जहां से सीमा के पाकिस्तानी नागरिक होने की सूचना पुलिस तक पहुंची। इसके बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया।