

इंदौर। जिले में अवैध मदिरा परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग ने बीते एक सप्ताह से सघन अभियान चला रखा है। इन कार्रवाइयों से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।
11 दिसंबर को वृत्त पलासिया प्रभारी प्रियंका रानी चौरसिया के नेतृत्व में महूनाका रोड पर कार्रवाई करते हुए एक्टिवा स्कूटर से अवैध रूप से ले जाई जा रही 12 केन बीयर और 5 बोतल विदेशी मदिरा जब्त की गई। आरोपी विजय राठौर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त मदिरा और वाहन की कुल कीमत करीब 80 हजार 440 रुपये बताई गई।
इसी दिन विनोबा नगर शमशान घाट के पास अवैध मदिरा विक्रय करते हुए आरोपी किशोर जरेले को 50 पाव देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कीमत लगभग 3 हजार 750 रुपये आंकी गई।
12 दिसंबर को मालवा मिल क्षेत्र में आबकारी उपनिरीक्षक आशीष जैन की टीम ने एक्टिवा स्कूटी से 6 बोतल व्हिस्की जब्त कर आरोपी हितेश सिसौदिया को पकड़ा। इस मामले में मदिरा व वाहन का मूल्य करीब 57 हजार रुपये रहा। वहीं अभिलाषा नगर चौराहे पर 50 पाव देशी मदिरा के साथ विक्की शर्मा को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिसकी कीमत 43 हजार 750 रुपये बताई गई।
इसके अतिरिक्त निपानिया क्षेत्र की पिनैकल ड्रिम बिल्डिंग स्थित एक फ्लैट से 20 बोतल विदेशी मदिरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग की लगातार सख्त कार्रवाइयों से जिले में अवैध शराब कारोबारियों की कमर टूटती नजर आ रही है।