
इंदौर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इंदौर दौरा तय हो गया। वे शनिवार को सुबह 11 बजे विशेष विमान से इंदौर पहुंचेंगे। विमानतल पर उनकी अगवानी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रभारी हरीश चौधरी, सहप्रभारी उषा नायडू, चिंटू चौकसे, विपिन वानखेड़े सहित अन्य करेंगे।
राहुल गांधी 15 मिनट बाद 11.15 बजे विमानतल से बाम्बे अस्पताल के लिए रवाना होंगे। यहां वे करीब आधा घंटा भागीरथपुरा दूषित जल पीने से बीमार हुए भर्ती लोगों से मुलाकात करेंगे और उनके हालचाल जानेंगे। करीब 12.15 बजे राहुल गांधी बाम्बे अस्पताल से रवाना होकर 12.45 पर भागीरथपुरा पहुंचेंगे। यहां वे करीब एक घंटा रुकेंगे। कांग्रेस सूची बनाई है कि उनके साथ में कौन रहेगा।
बॉम्बे हॉस्पिटल के बाद भागीरथपुरा जाएंगे
वे भागीरथपुरा रुकेंगे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। करीब 1.45 बजे राहुल गांधी भागीरथपुरा से रवाना होकर इंदौर विमानतल पहुंचेंगे, जहां से वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने प्रदेश भर के पार्षदों को लेकर सम्मेलन का आयोजन भी रखा था, लेकिन उसकी स्वीकृति प्रशासनिक रूप से नहीं मिली। इसलिए अब केवल पीड़ितों से ही राहुल गांधी मिलेंगे और इंदौर में ही करीब साढ़े तीन घंटा रूकेंगे। अभी यह तय नहीं हुआ कि राहुल गांधी सभी 24 मृतकों से मिलेंगे या उसमें भी चयन किया गया है।
राहुल गांधी का संकरी गलियों में जाना संभव नहीं
दिल्ली से राहुल गांधी के प्रतिनिधि सुशांत मिश्रा भागीरथपुरा पहुंचे। गुरुवार दोपहर दिल्ली से राहुल गांधी के दफ्तर के प्रतिनिधि ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ क्षेत्र का दौरा किया। किन-किन घरों में मौतें हुई, इस बारे में जानकारी ली। इसके बाद मृतकों के नाम-पते की सूची कांग्रेस की ओर से इंदौर प्रशासन को देकर उनके घर राहुल गांधी को मिलाने की इच्छा जाहिर की। लेकिन, प्रशासन के अधिकारियों ने कांग्रेस नेताओं से कहा गया कि क्षेत्र की संकरी गलियों में राहुल गांधी की सुरक्षा टीम और गाड़ियों का जाना संभव नहीं होगा। ऐसे में सभी मृतकों के घर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
मृतक के परिजनों को चेक
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर के भागीरथपुरा में मृत हुए 24 लोगों के लिए 1-1 लाख रु. के चेक देने का ऐलान किया है। इन मृतकों की सूची तैयार की जा रही है और उनके परिजनों से पूछा जाएगा कि प्रदेश कांग्रेस जो चेक बना रही है वह किस नाम से बनेगा। चेक भोपाल से बनकर इंदौर पहुंच जाएंगे।