
इंदौर। शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का शिकंजा और कसता जा रहा है। विजय नगर थाना पुलिस ने रविवार को ऐसी सनसनीखेज कार्रवाई की, जिसने तस्करों के नेटवर्क में खलबली मचा दी। पुलिस ने एक यात्री बस की डिक्की से 90 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसमें 4320 क्वार्टर शामिल हैं। जब्त शराब की मात्रा 777.6 लीटर है, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 अमरेंद्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त विजय नगर राजकुमार सराफ के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी विजय नगर चंद्रकांत पटेल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने रणनीति के साथ इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।
कीटनाशक के लेबल में छिपी थी शराब
पुलिस को सूचना मिली थी कि बस (क्रमांक एमपी09 एक्यू 1300) जिस पर ‘सलूजा’ लिखा हुआ है, में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और बंगाली चौराहा से रेडीसन चौराहा की ओर आ रही बस को रेडीसन चौराहा पर घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी के दौरान बस की डिक्की में JIVA 18 INSECTICIDE के लेबल लगे कार्टून बॉक्स मिले, लेकिन जब इन्हें खोला गया तो अंदर अंग्रेजी शराब का जखीरा निकला।
लाइसेंस नहीं, सीधे जेल की राह
बस के चालक और कंडक्टर से वैध लाइसेंस व परमिट मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पुलिस ने तत्काल बस जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार आरोपियों में आशीम खान (24 वर्ष), निवासी जिला धार और सलमान (33 वर्ष), निवासी जिला देवास शामिल हैं। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे छिपे पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।