
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इन दिनों चर्चा में हैं। चर्चा है कि अध्यक्ष बनने के बाद से वह अपनी नई टीम बनाने पर कार्य कर रहे हैं। खबर है कि अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में शामिल होने वाले नेताओं को अग्नि परीक्षा यानी ऑडिशन देना होगा। इसमें पास होने के बाद ही उनकी टीम का हिस्सा बना जा सकता है।
अब सवाल उठता है कि यह ऑडिशन किस तरह का होगा, तो इस बारे में जानकारों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए देश भर से चुने जा रहे भाजपा नेताओं को उनके प्रदर्शन के आधार पर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम में शामिल किया जाएगा। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, टीम नबीन में शामिल होने वाले नेताओं की अब तक की पूरी राजनीतिक कुंडली का आकलन किया जाएगा। विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव चुनावों के दौरान किस नेता की परफॉर्मेस कैसी रही, इसको भी देखा जाएगा। उसके बाद नेताओं की सूची बनाई जाएगी। फिर उसका संघ, संगठन और सरकार के स्तर पर मंथन किया जाएगा।
प्रदर्शन के आधार पर ही टीम में जगह
मंथन में एक-एक नाम पर विचार-विमर्श करने के बाद नाम अलग किए जाएंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि उनके प्रदर्शन के आधार पर ही नितिन नबीन के कार्यकाल के दौरान उन्हें व्यापक संगठनात्मक संरचना में स्थान दिया जाएगा। भाजपा के एक नेता ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ये नेता चुनाव तैयारियों की निगरानी में अधिक से अधिक समय बिताएंगे और टिकट वितरण से संबंधित निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की संभावना है। एक अन्य वरिष्ठ नेता ने कहा कि इसका मतलब है कि पांच राज्यों के चुनाव आधार बनेंगे।
आधार बनेंगे विधानसभा चुनाव
पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के एक नेता का कहना है की भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम बनाने के लिए इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों को भी आधार बनाया जाएगा। इस साल असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हैं। एक भाजपा नेता ने कहा कि नितिन नबीन की टीम युवा और अनुभवी नेताओं को लेकर बनाई जाएगी जो भाजपा, संघ और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच पुल का काम करेगी।
नबीन की नई टीम में 55 से कम के नेता
भाजपा 2029 और उससे आगे की राजनीति के हिसाब से भी अपनी गोटियां सेट करना चाहेगी। मतलब, जब भी हो इनमें ज्यादा से ज्यादा युवा चेहरों को जगह मिलना तय है और इसी तरह का बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में भी देखने को मिल सकता है। नितिन नबीन की नई टीम में पार्टी के ज्यादातर पदाधिकारियों की उम्र 55 वर्ष से कम हो सकती है। मतलब, जिस तरह से पार्टी ने अचानक एक युवा चेहरे को पार्टी की कमान सौंपी है, उसी हिसाब से उनकी नई टीम में युवा नेताओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़े रोल में देखा जा सकता है।
यह टीम भविष्य की पार्टी बनाएगी
यह वो टीम हो सकती है, जिसे लेकर पार्टी 2029 और उसके आगे के चुनावों में उतरना चाहेगी। ये युवा चेहरे पार्टी को जहां नया जुझारू तेवर देने में मदद कर सकते हैं, वहीं इनके माध्यम से दूरगामी राजनीतिक संदेश देने की भी कोशिश रहेगी। नई टीम में सभी तरह का मिश्रण होगा। नितिन नबीन की नई टीम और उससे जुड़े संगठनात्मक परिवर्तनों में अभी कुछ समय लगेगा। कहा जा रहा कि 45 वर्षीय नितिन नबीन की टीम में नए चेहरों और अनुभवी नेताओं का मिश्रण रहने की उम्मीद है।
