
इंदौर। सोमवार को हीरानगर पुलिस ने एक नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार किया। वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने इलाके में आया था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसका वीजा दो ढाई साल पहले खत्म हो चुका है। इसके बाद भी उसने देश नहीं छोड़ा।तब से वह अवैध रूप से शहर में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान डॉन पेड्रो चार्लिस निवासी सनसिटी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है। वह कई साल पहले इंदौर आया था और बीपीओ कंपनी में काम कर रहा था। वीजा समाप्त होने की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने पुलिस को सूचित किया था। इसके बाद लसूड़िया पुलिस उसे तलाश रही थी, लेकिन वह लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा।
मंदसौर से बी-फार्मा किया
वह 2019 में इंदौर आया था। यहां कुछ दिन रहने के बाद वह मंदसौर चला गया था। यहां के कॉलेज से उसने बी-फार्मा का कोर्स किया, फिर जुलाई 2023 में इंदौर आ गया। इंदौर में वह टेली टास्कस कंपनी के कॉल सेंटर में काम करने लगा। इस दौरान उसका वीजा खत्म हो गया था, लेकिन वह देश छोड़ने के बजाए यहीं पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में किराए पर रहने लगा। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वीजा खत्म होने की जानकारी उसने संबंधित विभाग को नहीं दी थी। फिलहाल पुलिस उसके मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है और विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मकान मालिक से भी पूछताछ
चौंकाने वाली बात यह है कि वह लसूड़िया क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए से रह रहा था, जहां कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बंगले भी बने हुए हैं। सोमवार को सूचना मिली कि वह हीरानगर इलाके में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया है, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसका वीजा करीब ढाई साल पहले खत्म हो चुका था, लेकिन उसने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। अब पुलिस उसके मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।