
महू। डॉ अंबेडकर नगर रेलवे स्टेशन के विस्तार को लेकर आ रही रुकावटें अब खत्म हो गई। रक्षा मंत्रालय की ओर से भूमि हस्तांतरण के लिए मंजूरी भी दे दी गई है। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाकर भूमि अधिग्रहण करने की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई। महू स्टेशन का विस्तार कर यहां पटरियों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे लंबी दूरी की ज्यादा गाड़ियां यहां रुक सकेगी।
सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित होगा
पश्चिम रेलवे लंबे समय से यहां विस्तार करना चाह रहा था, ताकि लंबी दूरी की ज्यादा गाड़ियों को यहां रोका जा सके। इंदौर का मुख्य स्टेशन अपनी क्षमता से कई गुना ज्यादा ट्रेनों को हैंडल कर रहा है। वहां प्लेटफॉर्म कम है और ट्रेनें ज्यादा। ऐसे में महू को एक सैटेलाइट स्टेशन या टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे इंदौर स्टेशन पर ट्रेनों के घंटों ठहराव का दबाव कम होगा। लेकिन, महू स्टेशन पर जगह की कमी के कारण दिक्कत आ रही थी। इसी को देखते हुए रेलवे ने रक्षा मंत्रालय को भूमि अधिग्रहण के लिए पत्र लिखा था।
यहां तक पहुंचा मामला
स्टेशन के आसपास कंचन कॉलोनी, खान कॉलोनी, अवैध खदान तेजी से हटाने के लिए नोटिस दिया गया था। अब मंजूरी के मिलने के बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने यहां से अतिक्रमण हटवाया। इसके पूरी तरह हट जाने के बाद रेलवे को साढ़े तीन एकड़ जमीन प्राप्त होगी, जिससे प्लेटफार्म और पटरियों का आसानी से विस्तार किया जा सकेगा।
कई ट्रेनों को बढ़ाया जाएगा
महू में ट्रेन के लिए आने वाले समय में अत्याधुनिक वर्कशॉप भी प्रस्तावित है। अब भी गाड़ियों की धुलाई यहां शेड में ही होती है। साथ ही महू से रीवा, कटरा, प्रयागराज इंटरसिटी सहित कई ट्रेनें संचालित हो रही, जिन्हें बढ़ाया जा सकेगा। मनमाड मार्ग पर भी काम चल रहा है। स्टेशन के विस्तार के बाद इंदौर से महाराष्ट्र और मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों में बढ़ोतरी की जा सकेगी। धार-दाहोद लाइन पर भी काम चल रहा है। यहां के यात्रियों को भी इससे सुविधा मिलेगी। खंडवा की ओर जा रही नई ब्रॉडगेज लाइन जुड़ने के बाद महू, दक्षिण भारत को जोड़ने वाला एक मुख्य जंक्शन बन जाएगा।
