
इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक महिला की शिकायत पर उसके साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहे युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि युवक ने शादी का झांसा देकर न सिर्फ उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि आर्थिक रूप से भी उसे पूरी तरह तोड़ दिया।
पीड़िता के अनुसार, उसके पहले पति की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी। हालांकि, इसी दौरान उसने अपने दूसरे पति को धोखा देते हुए क्षेत्र में ही रहने वाले एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने का फैसला किया और उसके साथ सीहोर चली गई। युवक ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह जल्द ही उससे शादी करेगा। इस भरोसे में आकर महिला अपने घर से करीब दो लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर युवक के साथ चली गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक उसके पैसों और जेवरात से ऐशो-आराम करता रहा और उसे मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों सीहोर, पीथमपुर सहित अन्य स्थानों पर घुमाता रहा। धीरे-धीरे युवक ने महिला के सारे पैसे खर्च कर दिए और जेवरात भी बेच डाले। जब महिला ने शादी को लेकर दबाव बनाया, तो आरोपी का रवैया बदल गया और वह उसके साथ मारपीट करने लगा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी युवक उसे सिगरेट से जलाकर प्रताड़ित करता था, जिसके निशान आज भी उसके शरीर पर मौजूद हैं। लगातार हो रहे शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर महिला आखिरकार युवक को छोड़कर अपने पति के पास लौट आई और चंदन नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।