
इंदौर। शहर के समीप स्थित हिम्मतगढ़ गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। जवाहर टेकरी क्षेत्र से लगे हिम्मतगढ़ गांव में मंगलवार रात खेतों के पास अचानक तेंदुआ दिखाई देने के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया, लेकिन उसकी मौजूदगी से किसानों और रहवासियों में भय है।
लोगों ने बताया कि गांव से सटे क्षेत्र में केट की दीवार बनी है, जिसे कूदकर तेंदुआ गांव की सीमा में प्रवेश कर गया। खेतों के पास तेंदुआ नजर आते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) प्रदीप मिश्रा और रेंजर संगीता ठाकुर के निर्देश पर डिप्टी रेंजर दिलीप कुशवाह, वन रक्षक प्रदीप ग्रासे सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने उस क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां तेंदुआ दिखाई दिया था,और आसपास झाड़ियों में कॉम्बिंग अभियान चलाया।
वन विभाग ने ग्रामीणों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति अकेले खेतों की ओर न जाए। खेतों पर समूह में लाठी-डंडे के साथ जाए,बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसे नुकसान न पहुंचाते हुए तुरंत वन विभाग को सूचना देने के लिए कहां गया है।
ग्रामीणों ने सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। वन विभाग ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और लगातार गश्त किए जाने की बात कही है। फिलहाल गांव और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल बना है। सतर्कता के तहत ग्रामीणों ने अहतियातन रात के समय हाथों में डंडे व टॉर्च लेकर पहरा व्यवस्था बनाई है और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है।
