
इंदौर। यहां से भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो एयरलाइंस को बंद किया जा रहा है। इस उड़ान की बुकिंग भी 1 अप्रैल से बंद कर दी गई। हर दिन की उड़ान को दूसरी जगह भेजा जा रहा है। इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री बढ़ते जा रहे हैं और उड़ानें कम हो रही हैं। साल भर में आठ शहरों की उड़ानें बंद हो गई हैं।
इंदौर से भुवनेश्वर उड़ान 70% फुल रहती थी। उड़ान बंद होने की जानकारी हाल ही में सामने आई। कई यात्रियों ने पुरी और आसपास घूमने के लिए पैकेज करवा रखे हैं। एयरलाइंस पूरा पैसा वापस देने और नई उड़ान में जगह देने के लिए तैयार है। पहले भुवनेश्वर से इंदौर आने में दो घंटे अब सात से आठ घंटे लग जाएंगे।
इधर, ईरान-इजराइल के बीच जारी युद्ध के कारण इंदौर की हवाई सेवाओं पर असर लगातार बना हुआ है। सुरक्षा कारणों से दुबई एयरपोर्ट से संचालन प्रभावित होने के चलते शारजाह और इंदौर के बीच चलने वाली नियमित उड़ान बीते शनिवार से बंद है। शनिवार को भी यह फ्लाइट निरस्त रहेगी। प्रबंधन ने बताया कि यह उड़ान दिल्ली से इंदौर आकर शारजाह के लिए रवाना होती है और वापसी में शारजाह से इंदौर होते हुए दिल्ली लौटती है। ऐसे में उड़ान बंद रहने से इंदौर के साथ- साथ दिल्ली की हवाई सेवा भी प्रभावित हो रही है।
लगातार कई दिनों से उड़ानें रद्द होने के कारण कई यात्री दुबई और शारजाह में फंसे हुए हैं। इधर, प्रबंधन सूत्रों ने कहा कि शारजाह से भारत के लिए कुछ उड़ानें शुक्रवार को संचालित हुई हैं। उम्मीद कर रहे हैं कि एक-दो दिनों में एयर इंडिया एक्सप्रेस इंदौर से भी अपनी उड़ान का संचालन शुरू कर सकती है। इससे पहले इंदौर-नासिक, इंदौर-उदयपुर, इंदौर-जोधपुर, इंदौर-मुंबई, इंदौर-दिल्ली, इंदौर-हैदराबाद, इंदौर- गाजियाबाद, इंदौर-बेलगावी की उड़ाने बंद हो चकी हो चुकी हैं।
चार्टर जारी, नियमित नहीं
ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहे युद्ध के चलते यूएई के भी कई शहरों में हमले हुए हैं, जिससे वहां के प्रमुख एयरपोर्ट्स को शुरुआती दिनों में बंद कर दिया गया था, लेकिन अब यहां से उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हो गया है। यहां से भारत के प्रमुख शहरों के लिए भी उड़ानें संचालित हो रही हैं, लेकिन शारजाह से इंदौर के बीच आज लगातार आठवें दिन भी उड़ानों को निरस्त किया गया है। इसके कारण कई यात्री वहां फंसे हुए है। इसे देखते हुए इंदौर एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के स्थानीय अधिकारियों के साथ ही मुख्यालय को मेल करते हुए कहा है कि इंदौर की उड़ान को तुरंत शुरू किया जाए, ताकि वहां फंसे यात्री सकुशल घर लौट सकें।
सांसद ने उड़ानें बढ़ाने के लिए बैठक की
विमानतल पर हवाई सेवाओं के विस्तार और नई उड़ानों की संभावनाओं को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने विमान कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें इंदौर से संचालित उड़ानों की संख्या बढ़ाने, नई फ्लाइट्स शुरू करने और कुछ उड़ानों में की जा रही संभावित कटौती पर चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि इंदौर तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में एयरलाइंस कंपनियां यहां से अपनी सेवाओं में कमी न करें।
बढ़ती औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए यहां से प्रमुख शहरों के लिए अधिक से अधिक उड़ानों का संचालन जरूरी है। सांसद ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से नई फ्लाइट्स शुरू करने और मौजूदा उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर गंभीरता से काम करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि मजबूत हवाई कनेक्टिविटी से इंदौर ही नहीं, बल्कि पूरे मालवा-निमाड़ के व्यापार, उद्योग, पर्यटन और निवेश को भी नई गति मिलेगी। बैठक में यह सहमति बनी कि इंदौर की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने एयरपोर्ट प्रबंधन और विमान कंपनियां आपसी समन्वय के साथ प्रयास करेंगी।