
विदिशा। आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के शेरपुरा क्षेत्र स्थित ‘समाधान अपार्टमेंट’ में छापेमारी की। यह कार्रवाई जिला पंचायत अध्यक्ष के भाई एवं प्रतिष्ठित ठेकेदार दिलीप रघुवंशी के कार्यालय पर की गई, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की टीम सुबह अचानक मौके पर पहुंची और कार्यालय में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों, फाइलों तथा इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की। टीम द्वारा आय-व्यय से जुड़े कागजात, बैंक लेन-देन और संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। छापेमारी के दौरान अपार्टमेंट के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात रहा और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बड़े कर-अघोषणा और वित्तीय अनियमितताओं के संदेह के आधार पर की गई है। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस छापेमारी के बाद स्थानीय राजनीतिक और व्यापारिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर दिनभर विदिशा में तरह-तरह की अटकलें लगती रही।
