
इंदौर। सांवेर क्षेत्र के पंचडेरिया गांव में पटाखा दुकान में आग लगने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर जांच के बाद सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने दुकान और गोदाम को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा लगभग 10 हजार वर्ग फीट शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर पटाखा दुकान और गोदाम का निर्माण किया गया था। यह न केवल नियमों का उल्लंघन था, बल्कि आसपास के रहवासियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन गया था। पंचडेरिया स्थित पटाखा दुकान में आग लगने की घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल जांच कराई।
इसके बाद आज बुधवार को एसडीएम सांवेर घनश्याम धनगर के नेतृत्व में राजस्व एवं प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को जेसीबी की मदद से हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
