
दुबई। मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव और कई देशों के एयरस्पेस बंद होने की वजह से दुबई में हजारों यात्री फंस गए हैं। इस बीच अभिनेता आर माधवन ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर जानकारी दी है और यूएई सरकार द्वारा उठाए गए राहत कदमों की सराहना की है।
दरअसल, अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। जवाबी हमलों और सुरक्षा कारणों से कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिसके कारण सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द हो गई हैं। इस स्थिति में बड़ी संख्या में यात्री दुबई सहित मिडिल ईस्ट के अलग-अलग शहरों में फंस गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबू धाबी डिपार्टमेंट ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म ने 28 फरवरी को एक सर्कुलर जारी कर होटल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि एयरस्पेस बंद होने के कारण फंसे यात्रियों को मुफ्त में ठहरने की सुविधा दी जाए। सरकार ने कहा है कि इन यात्रियों के ठहरने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का खर्च राज्य उठाएगा। एयरपोर्ट अधिकारियों और राष्ट्रीय एयरलाइंस ने मिलकर करीब 20 हजार यात्रियों के लिए तुरंत रहने की व्यवस्था की है। साथ ही उनके लिए भोजन और नाश्ते का भी इंतजाम किया गया है। एयरस्पेस खुलने के बाद यात्रियों की फ्लाइट रीबुकिंग में भी मदद की जाएगी।
आर माधवन ने की तारीफ
आर माधवन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया कि यूएई सरकार ने होटलों से कहा है कि ऐसे यात्रियों को मुफ्त में ठहरने दें जो अचानक फ्लाइट कैंसिल होने के कारण कहीं नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने इस मानवीय पहल की सराहना की और संबंधित खबरों के स्क्रीनशॉट भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किए। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आर माधवन ने साफ किया कि वह फिलहाल दुबई में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वह और उनका परिवार इस समय अमेरिका में हैं और हालात सामान्य होने तक वहीं रहेंगे। युद्ध जैसे हालात की खबरों के बाद फैंस लगातार उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे थे।
कई भारतीय सेलेब्रिटी दुबई में मौजूद
दुबई में इस समय कई भारतीय सेलेब्रिटी भी मौजूद हैं। इनमें अभिनेता थाला अजित कुमार, ईशा गुप्ता, सोनल चौहान, तेलुगू अभिनेता विष्णु मांचू, बिग बॉस फेम मान्या सिंह और बंगाली अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली शामिल हैं। ये सभी सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को लगातार वहां के हालात और अपनी सुरक्षा के बारे में अपडेट दे रहे हैं। कुछ सेलेब्रिटी ने हालात को लेकर चिंता भी जाहिर की है और उम्मीद जताई है कि जल्द स्थिति सामान्य होगी ताकि वे सुरक्षित भारत लौट सकें।
