
इंदौर। शहर में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को इंदौर के अलग-अलग इलाकों में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इनमें तीन इमली ब्रिज पर घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लगातार हो रही घटनाओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली और प्रतिबंध की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे गंभीर हादसा तीन इमली ब्रिज पर हुआ, जहां आईटी पार्क से तीन इमली की तरफ जा रहे युवक हेमराज चौरसिया के गले में अचानक हवा में लहराता चाइनीज मांझा लिपट गया। तेज धार से गला कटने के कारण युवक सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। राहगीरों ने तत्काल उसे एमवाय अस्पताल पहुंचाया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिससे लोगों में आक्रोश है।
दूसरी घटना परदेशीपुरा क्षेत्र में सामने आई, जहां नंदानगर निवासी महेश सोनी चाइनीज मांझे से घायल हुए। उनके गले में गंभीर चोट आई। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीसरा हादसा जूनी इंदौर क्षेत्र में हुआ, जहां प्रेम भंडारी चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। उनके शरीर पर तीन टांके लगाए गए। चौथी घटना रामानंद नगर में रहने वाले माधव पुत्र घनश्याम वसुनिया के साथ घटी, उनके चेहरे पर चाइनीज डोर से चोट आई। उन्हें करीब 10 टांके आए हैं। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह निजी अस्पताल गया। उसने बताया कि वह स्वयं पतंग लेने जा रहा था, तभी सामने से डोर आ गई। उसने बचने की कोशिश की, लेकिन दाढ़ी पूरी तरह कट गई।
तीन इमली हादसे की सूचना मिलने पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एमवाय अस्पताल पहुंचे और घायल युवक की स्थिति की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,पतंग कटकर सड़क पर आई थी,जिससे यह हादसा हुआ। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझे से सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि पक्षी और अन्य बेजुबान भी जान गंवा रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और प्रभावी निगरानी की मांग की है,ताकि ऐसे जानलेवा हादसों पर रोक लगाई जा सके।
मल्हारगंज पुलिस की सख्ती
चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं और जानलेवा घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मल्हारगंज थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई शुरू की है। मकर संक्रांति के मद्देनजर पुलिस ने पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया और दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि चाइनीज मांझा बेचने या रखने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानों पर मौजूद ग्राहकों, युवाओं और बच्चों से सीधा संवाद कर चाइनीज मांझे के खतरों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिसकर्मियों ने समझाया कि यह सिर्फ खेल का साधन नहीं,बल्कि एक खतरनाक धागा है, जो इंसानी जीवन के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
शहर में इससे पूर्व भी कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोग घायल हुए हैं और जान तक गंवा चुके हैं। जागरूकता के लिए मल्हारगंज पुलिस ने मौके पर ही डेमोंस्ट्रेशन भी दिया। चाइनीज मांझे से सब्जी,आलू और प्याज को आसानी से काटकर दिखाया गया,जिससे लोगों को इसकी धार और खतरनाक प्रकृति का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, गले को मफलर या कपड़े से ढककर रखें और किसी भी संदिग्ध मांझे की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
