
इंदौर। जिला आबकारी विभाग ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सिमरोल क्षेत्र स्थित माउंट एवरेस्ट ब्रेवरीज लिमिटेड में बड़ी कार्रवाई की। महू-सिमरोल रोड पर स्थित फैक्ट्री के गोदाम में लंबे समय से रखी एक्सपायर बीयर का आबकारी अधिकारियों की सख्त निगरानी में नष्टीकरण कराया गया।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्राण्डों की 23,154 पेटियों में भरी कुल 2 लाख 23 हजार 316 लीटर बीयर नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित डिस्टिलरी लागत लगभग पौने दो करोड़ रुपए बताई गई है। नष्टीकरण की प्रक्रिया उपायुक्त आबकारी संजय तिवारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा पारदर्शी ढंग से की गई। सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि उक्त बीयर मध्यप्रदेश सहित दिल्ली,असम और महाराष्ट्र भेजने के लिए निर्मित की गई थी,लेकिन समय पर मांग नहीं आने से छह माह की वैध अवधि पूरी हो गई।
इकाई प्रभारी द्वारा सूचना दिए जाने पर विभाग ने तत्काल नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। तीन दिनों तक चली इस प्रक्रिया में बोतलों में भरी बीयर को बहाकर नष्ट किया गया,वहीं केन में भरी बीयर को बुल्डोजर और जेसीबी से कुचलकर समाप्त किया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि एक्सपायर शराब का किसी भी स्तर पर विक्रय या आपूर्ति न हो, इसके लिए भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।