
इंदौर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इंदौर की स्पेशल कोर्ट को बताया है कि डिब्बा ट्रेडिंग के जरिए एक सिंडिकेट ने ₹404 करोड़ कमाए। कई शहरों में छापेमारी के दौरान ईडी ने 5.21 करोड़ रुपए नकद बरामद किए। साथ ही ज्वेलरी भी मिली। ईडी ने स्पेशल कोर्ट को बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवैध डिब्बा कारोबार और ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों में शामिल एक सिंडिकेट के सदस्यों ने आपराधिक तरीकों से 404.46 करोड़ रुपए कमाए। ईडी ने इंदौर, मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई और दुबई में बड़े पैमाने पर संचालित अवैध डिब्बा कारोबार और ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों में शामिल एक सिंडिकेट के खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर की।
404 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग
ईडी के मुताबिक यह शिकायत इंदौर में धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) मामलों की एक विशेष अदालत के सामने दायर की गई। जांच में हेर-फेर से चलने वाले ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, अवैध सट्टेबाजी से जुड़ी वेबसाइट और अनियमित व्हाइट लेबल एप्लिकेशन (किसी कंपनी का विकसित ऐसा सॉफ्टवेयर या ऐप जिसे बिना किसी खास नियमन या लाइसेंस के दूसरे व्यवसायों को अपने नाम और ब्रांड के तहत इस्तेमाल करने के लिए बेच दिया जाता है) से कमाई गई 404.46 करोड़ रुपये की धनराशि का पता चला है।
संपत्ति भी कुर्क किया
ईडी की जांच में इस राशि के अलावा ₹34.26 करोड़ की संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया, जिसमें 28.60 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति, 3.83 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और बैंक खातों में 1.83 करोड़ रुपए की जमाराशि शामिल है।
ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से हुईं गड़बड़ियां
जांच में हेरफेर वाले तकनीकी तंत्र का पता चला जिसमें गड़बड़ियों वाले ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, अवैध सट्टेबाजी की वेबसाइटें और सीमा पार का धनशोधन तंत्र शामिल हैं। विशाल अग्निहोत्री की पहचान इसके मुख्य संचालक के रूप में की गई है। ईडी ने तरुण श्रीवास्तव, श्रीनिवासन रामासामी, धवल देवराज जैन, धर्मेश रजनीकांत त्रिवेदी और निधि चंदनानी के खिलाफ भी अलग-अलग आरोपों का जिक्र किया गया है।
चांदी और सोने की सिल्ली, नकदी बरामद
ईडी के मुताबिक इस मामले में तलाशी के दौरान जब्त किए गए सामान में ₹5.21 करोड़ से ज्यादा की नकदी, करीब 60 किलोग्राम वजनी चांदी की सिल्लियां और 100 ग्राम सोने की सिल्ली शामिल हैं। ईडी ने लगभग 1.94 करोड़ रुपये के गहनों और 4.77 करोड़ रुपये की घड़ियों के साथ ही 41 लाख रुपये से ज्यादा की ‘फ्रीज’ की गई, साथ ही क्रिप्टोकरेंसी भी जब्त की।
