
इंदौर। इंदौर से हैदराबाद की दूरी 900 किमी है, जो बहुत जल्द घटकर 715 रह जाएगी और यह दूरी 10 घंटे में पूरी की जा सकेगी। हैदराबाद जाने वाला सेमी एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे कुछ ही महीनों में पूरी तरह शुरू हो जाएगा। इसका 80% काम पूरा हो चुका है। इस एक्सप्रेसवे से इंदौर से हैदराबाद का 18 घंटे का सफर मात्र 10 घंटे में पूरा हो जाएगा। इसके अलावा दूरी भी 150 किमी कम होकर केवल 715 किमी ही रह जाएगी।
इसमें ग्रीन फील्ड और ब्राउन फील्ड दोनों
भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे इंदौर-हैदराबाद एक्सप्रेसवे को नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ़ इंडिया (एनएचएआई) बना रहा है। इसे इंदौर-हैदराबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर के नाम से भी जाना जाता है। भेरू घाट सेक्शन में टनल और वायडक्ट का भी तेजी से चल रहा है। यह एक ऐसा हाईवे है, जो ग्रीन फील्ड और ब्राउन फील्ड दोनों है। कुछ ब्लॉक पूरी तरह तैयार भी हो चुके हैं, जबकि, कुछ अंतिम दौर में है। इसे पूरी तरह 2025 में ही तैयार हो जाना था। लेकिन, देरी के चलते 2026 में यह पूरा हो रहा है। यह कई मायनों में खास होगा, यह मध्य भारत को दक्षिण से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे होगा।
इंदौर से हैदराबाद की दूरी घटेगी
इंदौर से हैदराबाद जाने के लिए अभी 900 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है जिसमें 18 से 20 घंटे लगते हैं। एक्सप्रेसवे पूरी तरह चालू होने के बाद यह दूरी घटकर करीब 715 किलोमीटर रह जाएगी। यानी सीधे-सीधे 150 किलोमीटर की बचत होगी, जिससे ट्रांसपोर्टेशन की लागत और समय दोनों कम होंगे।
तीन राज्यों को मिलेगा फायदा
इंदौर के तेजाजी नगर से इसकी शुरुआत होगी उसके बाद बड़वाह, खंडवा और बुरहानपुर होते हुए यह महाराष्ट्र के जलगांव, हिंगोली, अकोला, वाशिम और नांदेड़ को छुएगा। वहां से तेलंगाना के मंगलूर रामसनपल्ली, रंगारेड्डी होते हुए हैदराबाद में से जुड़ेगा। यह एक सेमी एक्सेस कंट्रोल रोड है। यानी इसमें हर कहीं से गाड़ियां नहीं घुस सकेंगी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा नहीं के बराबर होगा। साथ ही वाहनों को गति भी मिल सकेगी।
इसलिए इसे कहा जाता इकोनामिक कॉरिडोर
इसका निर्माण भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत हो रहा है, जिसका उद्देश्य देश में लॉजिस्टिक्स ट्रांसपोर्ट के लिए की बेहतरीन चैन डेवलप करना है। इसके पूरी तरह से शुरू होने के बाद छोटे उद्योगों और इंडस्ट्रियल सेक्टर्स को काफी फायदा मिलेगा, इसलिए इसे इंदौर हैदराबाद इकोनामिक कॉरिडोर भी कहा जा रहा है।
बुरहानपुर शहर में प्रवेश नहीं करेगा हाईवे
इंदौर-हैदराबाद एक्सप्रेस वे बुरहानपुर शहर में प्रवेश नहीं करेगा। यह झिरी से डायवर्ट हो रहा है, जो नेपानगर जाने वाले बसाड़ रोड से आगे जैनाबाद फाटे के पास दर्यापुर रोड से होते हुए शाहपुर की ओर जाएगा। इससे शहर में बड़े वाहन प्रवेश नहीं करेंगे। दुर्घटनाओं में कमी आएगी। दो बड़े ब्रिज बनेंगे एक ताप्ती नदी पर दूसरा मोहना नदी ब्रिज पर है।
