
इंदौर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार मतदाता सूची से दस्तावेजों के अभाव में छूटे मतदाताओं को अब राहत मिल रही है। खजराना क्षेत्र में ऐसे मतदाताओं के नाम पुनः जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई। सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) द्वारा संबंधित मतदाताओं की सुनवाई की जा रही है।
इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, ताकि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकें। सुनवाई के दौरान दस्तावेजों की वैधता की जांच की जा रही है।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं के दस्तावेज सही पाए जाएंगे, उनके नाम मतदाता सूची में पुनः जोड़े जाएंगे। आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। इस अभियान से बड़ी संख्या में मतदाताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
