
मुंबई। सलमान खान की बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ रिलीज़ डेट 17 अप्रैल (ईद) से आगे खिसक सकती है। इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग और री-शूट अभी जारी हैं, जिससे तय समय पर रिलीज़ करना मुश्किल हो रहा है। अपूर्वा लखिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सलमान खान कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म 2020 में भारत-चीन के बीच हुए गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है, जो कोविड-19 महामारी के दौरान हुआ था। इसके अलावा, फिल्म को अंतिम रूप देने से पहले रक्षा मंत्रालय को भी स्क्रीनिंग दिखानी होगी, जो रिलीज़ में देरी का कारण बन सकती है। सूत्रों का कहना है कि मौजूदा हालात में 17 अप्रैल की रिलीज़ डेट बरकरार रहने की संभावना काफी कम है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
रक्षा मंत्रालय की स्क्रीनिंग
फिल्म का प्रोडक्शन और एडिटिंग के साथ-साथ फिल्म की रिलीज रक्षा मंत्रालय की अनिवार्य स्क्रीनिंग पर भी निर्भर करेगी। इस प्रक्रिया की वजह से रिलीज में और देरी हो सकती है। यह स्क्रीनिंग इसलिए जरूरी होती है ताकि असली घटनाओं और राष्ट्रीय हितों को सही और संवेदनशील तरीके से दिखाया जा सके, खासतौर पर जब फिल्म का विषय सेना से जुड़ा हो।
सलमान को रिलीज की जल्दबाजी नहीं
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का एक हफ्ते का री-शूट शेड्यूल आज 9 फरवरी से मुंबई के गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में शुरू हुआ। इसके बाद महीने के अंत तक बाकी सीन शूट कर फिल्म की मुख्य शूटिंग पूरी की जाएगी। शूटिंग खत्म होने के बाद नए फुटेज की एडिटिंग शुरू होगी, जिसमें समय लग सकता है और इससे अप्रैल मध्य की रिलीज़ पर असर पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि सलमान खान इस फिल्म को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। उनका मानना है कि देशभक्ति और सच्ची घटनाओं पर आधारित इस फिल्म को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ पेश किया जाना चाहिए, ताकि यह दर्शकों के दिलों तक सही तरह से पहुंच सके।
किताब पर बनी यह फिल्म
फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। ‘बैटल ऑफ गलवान’ की कहानी शिव अरूर और राहुल सिंह की किताब ‘इंडियाज मोस्ट फियरलेस 3’ (2022) के एक अध्याय से प्रेरित है, जिसमें गलवान घाटी में दिखाए गए साहस और बलिदान को सिनेमाई रूप दिया गया है। दर्शकों को फिल्म की नई रिलीज़ डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर पोस्ट-प्रोडक्शन को और समय चाहिए तो फिल्म अप्रैल के अंत या फिर जून 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज़ हो सकती है। बैटल ऑफ गलवान का टीजर भाईजान के बर्थडे के मौके पर 27 दिसंबर को रिलीज हुआ था। एक तरफ जहां कुछ लोगों ने इसे पसंद किया था वहीं कुछ लोगों ने वॉर सीन में एक्टर के रोमांटिक एक्सप्रेशन के लिए उन्हें ट्रोल किया था।
