
इंदौर। किराये की कार लेकर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को अन्नपूर्णा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। आरोपी संजय कालरा लोगों से महंगी कारें किराए पर लेता था और बाद में उन्हें अलग-अलग जगह गिरवी रखकर मोटी रकम हासिल कर लेता था। इस फर्जीवाड़े में उसने करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक फरियादी ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने उसकी कार किराए पर ली थी और शुरुआती दो महीने किराया देने के बाद भुगतान बंद कर दिया। शिकायत दर्ज होते ही एक-एक कर कई अन्य पीड़ित सामने आने लगे। देखते ही देखते थाने पर आरोपी संजय कालरा के खिलाफ करीब 40 आवेदन पहुंच गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने इंदौर के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी इसी तरह की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अब तक 3 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 24 लग्जरी कारें बरामद की हैं।
डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी से अभी पूछताछ जारी है और जांच में सामने आया है कि करीब 16 और कारें बरामद होना बाकी हैं। आरोपी किराए पर ली गई गाड़ियों को बिना मालिक की जानकारी के गिरवी रख देता था। पुलिस को उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में इस बड़े कार ठगी नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
