
इंदौर। परदेशीपुरा स्थित इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स में बन रहा आईटी पार्क-4 अब लगभग तैयार हो चुका। भवन का मुख्य निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और फिलहाल इंटीरियर तथा रंगाई-पुताई का काम अंतिम दौर में है। अगले महीने से यहां कंपनियों को स्थान आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। इस परियोजना को एक वर्ष पहले ही पूरा किया जाना था। निर्माण कार्य की शुरुआत कोरोना काल में हुई थी और लक्ष्य मई 2025 तक इसे पूर्ण करने का था। लेकिन, विभिन्न कारणों से समय पर काम पूरा नहीं हो सका। अब प्रशासन ने शेष कार्य तेजी से पूरा कर भवन को संचालन के लिए तैयार कर लिया है।
86 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में 10 मंजिला भवन
एमपीआईडीसी द्वारा तीन तलघर पार्किंग सहित 10 मंजिला इमारत का निर्माण कराया गया है। कुल 86 हजार वर्गफीट क्षेत्र कार्यालयों के लिए निर्धारित है, जहां लगभग 15 बड़ी कंपनियां अपने दफ्तर स्थापित कर सकेंगी। भवन में दो तलघर में वाहन पार्किंग की सुविधा रहेगी। साथ ही कर्मचारियों के लिए कैफे, जिम और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इंदौर पहले से आईटी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। शहर में क्रिस्टल आईटी पार्क और अतुल्य आईटी पार्क जैसे परिसरों में कई राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां कार्यरत हैं। भंवरकुआं क्षेत्र में आईटी पार्क-3 का निर्माण भी जारी है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स में आईटी पार्क-4 तैयार हो रहा है। नए पार्क के शुरू होने से आईटी सेक्टर को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। कई कंपनियों ने यहां कार्यालय खोलने के लिए प्रारंभिक जानकारी लेना भी शुरू कर दिया है।
2000 से 5000 युवाओं को रोजगार की संभावना
एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक हिमांशु प्रजापति ने बताया कि भवन का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। शासन से अनुमति मांगी गई है और स्वीकृति मिलते ही कंपनियों को स्थान देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अनुमान है कि यहां कंपनियों के संचालन शुरू होने पर 2000 से 3000 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। वहीं, 15 बड़ी कंपनियों के पूरी तरह स्थापित होने पर यह संख्या 5000 तक पहुंच सकती है।
‘प्लग एंड प्ले’ पार्क भी निर्माणाधीन
इसी परिसर के पास रेडीमेड कॉम्प्लेक्स में प्लग एंड प्ले पार्क का निर्माण भी किया जा रहा है। इसकी योजना इस प्रकार तैयार की गई है कि सड़क के दोनों ओर इमारतें विकसित होंगी, जिससे अधिक से अधिक कंपनियों को स्थान मिल सके। इस परियोजना को पूरा होने में लगभग दो वर्ष का समय लग सकता है। इसके शुरू होने पर करीब 5 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। निर्माण कार्य यहां भी तेजी से चल रहा है। आईटी पार्क-4 और प्लग एंड प्ले पार्क के शुरू होने से इंदौर में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही शहर में बेहतर संभावनाएं मिल सकेंगी।