
इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले की साजिश जेल में बंद कुख्यात बदमाश हेमंत यादव ने रची थी।
पुलिस ने बताया कि बेटे के इलाज के दौरान पैर काटे जाने से नाराज हेमंत यादव ने डॉक्टर से बदला लेने के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी देकर हमला करवाया था।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पूर्व बाइक सवार दो बदमाशों ने एक कार सवार डॉक्टर पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया था। बदमाशों ने डॉक्टर की कार में तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद विजय नगर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि उनकी पहचान जेल में बंद गुंडे हेमंत यादव से हुई थी। हेमंत अपने बेटे का इलाज करने वाले डॉक्टर से इस बात पर आक्रोशित था कि इलाज के दौरान उसके बेटे का पैर काटना पड़ा। इसी रंजिश के चलते उसने पहले आरोपियों की जमानत करवाई और फिर 50 हजार रुपये की सुपारी देकर डॉक्टर पर जानलेवा हमला करने को कहा।
थाना प्रभारी सीके पटेल ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं सुपारी देने वाले आरोपी हेमंत यादव को प्रोटेक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी जुटी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।