
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट पेश कर दिया। कुछ सामान सस्ता हुआ हो या नहीं, पर सिगरेट के शौकीनों की शामत जरूर आ गई। अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि जो सिगरेट 10 रुपए में मिलती थी, वो 2 से 3 रुपए महंगी हो गई। ऐसे में अब दोस्तों के सामने सिगरेट का पैकेट रखकर आग्रह करने वाले अब हो सकता है कि पैकेट को छुपाकर रखेंगे।
इस बार के केंद्रीय बजट (2026-27) में सरकार ने तंबाकू इस्तेमाल करने वालों को जोरदार झटका दिया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सिगरेट और दूसरे तंबाकू प्रोडक्ट्स पर एक नए टैक्स स्ट्रक्चर की घोषणा की। यह नया स्ट्रक्चर 1 फरवरी से लागू भी हो गया। इसका नतीजा यह हुआ कि सभी कैटेगरी की सिगरेटों की कीमतों के भाव बढ़ गए।
रातों-रात सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह
सिगरेट पर अभी तक ऐसे सिस्टम के तहत टैक्स लगाया जाता था, जिसमें 28% जीएसटी और एक कंपनसेशन सेस शामिल था। यह व्यवस्था 2017 से लागू थीं। अब उस सिस्टम को खत्म कर नए सिस्टम के तहत सिगरेट पर नई एक्साइज ड्यूटी, हेल्थ और नेशनल सिक्योरिटी सेस और 40% ज्यादा जीएसटी का कॉन्बिनेशन लागू कर दिया गया। यह तीन लेयर वाला स्ट्रक्चर जिसे ‘टैक्स ट्रायंगल’ कहा जाता है, उसने सिगरेट की कीमतों को तेजी से ऊपर पहुंचा दिया।
जानिए, अब 10 वाली सिगरेट कितने की हो गई
इसे इस तरह समझा जा सकता है कि बजट से पहले जो सिगरेट ₹10 आती थी अब 20% से 30% महंगी मिलेगी। हर सिगरेट पर करीब ₹3 से ₹4 की नई एक्साइज ड्यूटी जोड़ दी गई। इस कारण ₹10 वाली सिगरेट 13 से 14 रुपए की हो गई। ऐसे में 10 सिगरेट का जो पैकेट ₹100 में आता था, वो ब्रांड और रिटेलर के आधार पर ₹130 से ₹140 का हो गया।
प्रीमियम और लंबी सिगरेट पर असर ज्यादा हुआ
बजट में टैक्स बढ़ोतरी सिगरेट की लंबाई के हिसाब से की गई। लंबी या फिर प्रीमियम सिगरेट पर इसका असर ज्यादा पड़ा है। 65-70 एमएम की सिगरेट पर अब लगभग ₹3.6 से ₹4 की अतिरिक्त ड्यूटी लगेगी। इसी के साथ 70-75 एमएम वाली सिगरेट लगभग ₹5.4 ज्यादा महंगी हो जाएगी।
कौन इतना महंगा शौक पालेगा
सिर्फ इतना ही नहीं, नॉन स्टैंडर्ड या फिर डिजाइनर सिगरेट पर बजट की काफी ज्यादा मार पड़ी। इसमें प्रति सिगरेट ₹8.50 की टैक्स बढ़ोतरी हुई है। इससे प्रीमियम धूम्रपान पहले से भी काफी ज्यादा महंगा हो गया। मार्केट के अनुमानों के मुताबिक कुछ सिगरेट वेरिएंट जो पहले 15 से 18 रुपये में बिकती थी, नए टैक्स के लागू होने से उनकी कीमत ₹70 से ₹72 तक हो सकती है। इस बढ़ोतरी के पीछे सरकार का इरादा साफ है। सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट्स को महंगा करके सरकार इनका इस्तेमाल कम करना चाहती है। खासकर युवाओं के बीच।
