
धार। जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सोमवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर पर हमला हो गया। उन पर खेत में पत्थर से वार किया गया, जिससे सिर में चोट आई है।
विधायक कालू सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि यह घटना दोपहर करीब 12 बजे फोरलेन के पास स्थित यात्री प्रतिक्षालय के पीछे वाले खेत में हुई। वे अपने साथियों नारायण सिंगार, नवदीप निंगवाल और गनमैन कैलाश पवार के साथ खेत में चल रहे काम को देखने पहुंचे थे।
विधायक का पड़ोसी पर आरोप
भाजपा विधायक ने पुलिस को बताया कि उनके खेत के पड़ोसी प्रिंस उर्फ पिंटू, गेंदाबाई पति संतोष गिरवाल और रंजू पति शंकर गिरवाल निवासी ग्राम सिरसोदिया वहां आए। उन्होंने जमीन अपनी बताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने विधायक को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। विधायक के अनुसार, इसी विवाद के बीच प्रिंस ने पत्थर से उनके सिर पर वार किया, जिससे खून बहने लगा। अन्य आरोपियों ने भी उनके साथ हाथ से मारपीट की।
साथी अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना के बाद, उनके साथियों ने बीच-बचाव कर घायल विधायक को शासकीय अस्पताल धामनोद पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। धामनोद पुलिस ने आरोपियों प्रिंस उर्फ पिंटू, गेंदाबाई और रंजू के खिलाफ धारा 296 (ए), 109, 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।