
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने बुधवार देर रात अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह को भोपाल में पदस्थ करने के आदेश जारी किए। बताया गया कि आनंदपुर ट्रस्ट के पदाधिकारी की शिकायत पर अशोकनगर कलेक्टर को हटाया गया है। उनकी जगह अब साकेत मालवीय अशोकनगर कलेक्टर का पद संभालेंगे। आदित्य सिंह को हटाकर भोपाल गैस त्रासदी राहत व पुनर्वास विभाग में उपसचिव के पद पर भेजा गया। सामान्य प्रशासन विभाग ने देर रात तबादले के आदेश भी जारी कर दिए।
शिकायत के बाद हटाए गए कलेक्टर
आनंदपुर ट्रस्ट के पदाधिकारी ने दिल्ली भाजपा हाई कमान से अशोकनगर में पदस्थ कलेक्टर आदित्य सिंह की शिकायत की थी। निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कलेक्टर आदित्य सिंह को हटाया गया। बुधवार देर शाम नए कलेक्टर के नाम की घोषणा कर दी गई। आनंदपुर ट्रस्ट के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर आदित्य सिंह को लेकर सीधे भाजपा हाई कमान दिल्ली से शिकायत की थी। शिकायत सामने आते ही सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया और कलेक्टर को हटाने के लिए प्रयास तेज कर दिए।
आदित्य सिंह पर यह आरोप
अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह को हटाए जाने का मुख्य कारण आनंदपुर ट्रस्ट विवाद है। आनंदपुर ट्रस्ट ने कथित तौर पर आदित्य सिंह द्वारा 3 करोड़ रु मांगने के आरोप लगाए थे, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई। हालांकि, ट्रस्ट द्वारा किसी भी प्रकार की शिकायत या आधिकारिक पत्र जारी नहीं किया गया।
चुनाव आयोग से भी पूछा गया
कलेक्टर को हटाने से पहले चुनाव आयोग से भी पूछा गया। क्योंकि, प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया एसआईआर का काम अंतिम चरण में चल रहा है। इसे लेकर सरकार 21 फरवरी तक सीधे कलेक्टरों को हटाने का फैसला नहीं दे सकती। इस कारण वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सरकार ने तीन आईएएस का पैनल तैयार किया और चुनाव आयोग को भेजा। इसमें आयोग ने साकेत मालवीय के नाम पर अपनी मोहर लगाई। कलेक्टर मालवीय को व्यापम भोपाल से अशोकनगर कलेक्टर बनाया गया है। मालवीय भी आदित्य सिंह की तरह 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
