
अहमदाबाद। यहां के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया चैंपियन बन गया। इसके साथ ही भारत टी-20 वर्ल्ड कप को तीसरी बार जीतने वाला पहला देश भी बन गया। भारत ने 2007 और 2024 के बाद अब 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का लक्ष्य रखा था। लेकिन, न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत न्यूजीलैंड को 96 रन से मात देकर टी-20 वर्ल्ड कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली टीम भी बनी। भारत के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में महज 15 रन देकर चार विकेट लिए। वहीं अक्षर पटेल ने भी तीन ओवर में 27 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
जसप्रीत बुमराह का कहर
इससे पहले भारत ने संजू, किशन और अभिषेक की तूफानी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जसप्रीत बुमराह को इस परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं लगातार तीन फिफ्टी लगाने वाले संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम करने में कामयाब रहे।
256 रन के बड़े लक्ष्य का दबाव
न्यूजीलैंड के ओपनर्स टिम साइफर्ट, फिन ऐलन पर पहली गेंद से ही नजर आने लगा था। हालांकि, पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे ने फिन ऐलन का कैच भी छोड़ा। अर्शदीप से पहले ओवर में न्यूजीलैंड ने महज चार रन स्कोर किए। लेकिन, दूसरे ओवर में ही टिम साइफर्ट ने अपने तेवर दिखाए। हार्दिक पंड्या ने दूसरे ओवर में 21 रन दिए।
अक्षर पटेल ने भारत को पहली सफलता दिलाई
तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल ने फिन ऐलन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद चौथे ओवर की पहली गेंद पर ही बुमराह ने रचिन रविंद्र को पवेलियन वापस भेज दिया। पावरप्ले में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 52 रन ही स्कोर किए। इस बीच टिम साइफर्ट क्रीज पर डटे रहे और 23 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की।
न्यूजीलैंड ने 72 रन पर पांच विकेट गंवाए
8वें ओवर की चौथी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन को पवेलियन वापस भेजा। उन्होंने महज तीन रन की पारी खेली अगले ओवर की पहली गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने टिम साइफर्ट को भी आउट कर दिया। न्यूजीलैंड ने महज 72 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद हालांकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने डैरिल मिचेल के साथ मिलकर न्यूजीलैंड की पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन, 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने इस पार्टनरशिप को भी ब्रेक कर दिया।
पूरे 20 ओवर भी नहीं खेली न्यूजीलैंड
अक्षर पटेल ने डैरिल मिचेल का विकेट लिया. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई।16वें ओवर में बुरमाह ने तीसरी गेंद पर नीशन और चौथी गेंद पर हेनरी को आउट किया। बुमराह यहीं नहीं रुके और उन्होंने 18वें ओवर में सैंटनर को भी बोल्ड कर दिया। सैंटनर ने 43 रन की पारी खेली। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा ने जेकब डफ़ी को बोल्ड कर दिया और न्यूजीलैंड की पारी 159 रन पर ही सिमट गई।
भारत ने खड़ा किया फाइनल में रिकॉर्ड टोटल
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 255 रन बनाए थे, जो टी-20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। संजू सैमसन ने लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ते हुए सिर्फ 46 गेंदों में 89 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने फॉर्म हासिल करते हुए 21 गेंदों में 52 रन जड़े जबकि भरोसेमंद ईशान किशन ने 54 रन बनाए। पावरप्ले में ही मैच में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा दिखने लगा, जब सलामी बल्लेबाज सैमसन और शर्मा ने छह ओवर में बिना विकेट खोए 92 रन जोड़ दिए। यह टी-20 में पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी रही। मैच के 10 ओवर तक भारत का स्कोर एक विकेट 127 रन था। 15 ओवर पूरे होने तक भारत एक विकेट पर 203 रन तक पहुंच चुका था और विशाल स्कोर की संभावना साफ दिख रही थी। इस दौरान शिवम दुबे ने भी आठ गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 26 रन की तेज पारी खेली।

