
इंदौर। ट्रैफिक व्यवस्था में नंबर वन बनने यातायात विभाग लगातार बाजार क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है। वाहन चालकों को पार्किंग में वाहन पार्क करने, नियमों का कड़ाई से पालन करने की सीख दी जा रही है। इसी क्रम में अब बेहतर ट्रैफिक के लिए सुबह से रात तक ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है।
इस दौरान अस्त व्यस्त ढंग से खड़े वाहनों पर कार्रवाई होगी। पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में ट्रैफिक मॉनिटरिंग के लिए हाई-रेजोल्यूशन ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। कंट्रोल रूम से अधिकारियों ने पलासिया, गीता भवन चौराहा, इंद्रप्रस्थ चौराहा, इंडस्ट्री हाउस, आनंद बाजार, रीगल सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर ड्रोन से निगरानी रखी।
मौके पर ही कार्रवाई
ड्रोन फुटेज के जरिए रांग साइड वाहन चलाने वालों, नो पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने वालों, लेफ्ट टर्न बाधित करने वालों और अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा, यातायात में बाधा बन रहे ठेले और अन्य अवरोधों को भी हटाया। दुकानों के बाहर जमा भीड़ को नियंत्रित किया, ताकि आम नागरिकों को सुगम आवागमन मिल सके।
ड्रोन पेट्रोलिंग से मिलेंगे ये लाभ
– नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी और त्वरित कार्रवाई
– ट्रैफिक जाम की स्थिति में बेहतर नियंत्रण
– दुर्घटना होने पर तुरंत प्रतिक्रिया
– रात के समय भी बेहतर निगरानी
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि तकनीक के माध्यम से शहरवासियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
