
नई दिल्ली। 9 करोड़ कर्ज मामले में तिहाड़ जेल से राजपाल यादव को अंतरिम जमानत मिली है। तिहाड़ से रिहाई के बाद वे अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए। जब राजपाल ने एक दशक पुराने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया, उसके बाद से उनकी मदद के लिए कई बड़े सेलिब्रिटीज आगे आए।
राजपाल यादव की मुसीबत में कई फिल्मी सितारों ने उनका हाथ थामा। चर्चा थी कि सलमान खान, अजय देवगन, अक्षय कुमार और कई सेलिब्रिटीज ने राजपाल यादव की मदद की। कुछ फिल्ममेकर्स ने उन्हें फिल्में ऑफर भी कीं। अब जेल से निकलने के बाद राजपाल यादव ने मीडिया के साथ बातचीत में इंडस्ट्री से मिले सपोर्ट के बारे में कहा। उन्होंने बयान दिया कि यह मामला पहली बार 2012 में मीडिया में आया था। रिपोर्ट्स में कहा गया था कि राजपाल यादव एक फ्रॉड हैं। तब से मुझे हर साल कम से कम 10 फिल्में मिली हैं। अगर मैं फ्रॉड होता तो कोई मेरे साथ काम क्यों करता? इंडस्ट्री को यह साबित करने की जरूरत नहीं है कि वे मेरे साथ हैं, मुझे विश्वास है कि हर कोई मेरे साथ है।
मददगार सेलिब्रिटी का नाम नहीं लिया
राजपाल यादव ने इंडस्ट्री से जुड़े उन लोगों का नाम लेने से इनकार किया जिन्होंने उनकी मदद की। उन्होंने आगे कहा कि मैं सभी मदद की इज्जत करता हूं, लेकिन मुझे सहानुभूति नहीं चाहिए। मैं सबकी इज्जत करता हूं। मुझे इन्हीं साथियों के साथ रहना और काम करना है। जिन्होंने मुश्किल समय में मेरा साथ दिया, मैं उनका शुक्रगुजार हूं। लेकिन, मुझे सिम्पैथी नहीं चाहिए।
क्या है यह चेक बाउंस मामला
साल 2010 में राजपाल यादव ने डायरेक्टोरियल डेब्यू ‘अता पता लापता’ मूवी के लिए 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था। हालांकि, फिल्म की असफलता के बाद वह यह लोन नहीं चुका पाए। यह लोन ब्याज और जुर्माने के साथ 9 करोड़ रुपये हो गया। कई बार चेक बाउंस हुआ, कोर्ट में केस गया और फिर 5 फरवरी 2026 को राजपाल ने खुद को सरेंडर कर दिया। ढाई करोड़ रुपये जमा करने के बाद राजपाल को अंतरिम जमानत मिल गई है।
