
इंदौर। शासकीय विभागों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर कलेक्टर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त कलेक्टर कल्याणी पांडे ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि सेवा काल में शासकीय कर्मचारी की मृत्यु होने की स्थिति में उसके एक आश्रित सदस्य को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाएगी। यदि पति/पत्नी पात्र न हों या नियुक्ति नहीं लेना चाहें तो नामांकित पुत्र, अविवाहित पुत्री, विधवा या तलाकशुदा आश्रित पुत्री तथा आवश्यक स्थिति में आश्रित विधवा पुत्रवधु को अवसर दिया जा सकेगा।
संयुक्त कलेक्टर ने सभी विभागों को रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर नियुक्ति मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि लंबित प्रकरणों में लापरवाही बरतने वाले विभागों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कृषि, शिक्षा,श्रम, आबकारी, वाणिज्य कर, महिला एवं बाल विकास, आदिम जाति कल्याण तथा सहकारिता विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।