
आलीराजपुर। बैतूल से स्थानांतरण होकर आए जिले के नवागत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश अतुलकर ने कार्यभार ग्रहण करते ही अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। औपचारिकताओं से आगे बढ़ते हुए डॉ. अतुलकर ने चार्ज संभालते ही मैदानी स्तर पर उतरकर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। सीएमएचओ ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका फोकस केवल कागजों पर नहीं, बल्कि घरातल पर रेफर सिस्टम को खत्म करने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर रहेगा।
वहीं जिले की जनता में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
रेफर सिस्टम पर लगाम और शत-प्रतिशत सरकारी प्रसव मेरी पहली प्राथमिकता
जोबट सहित तीन स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
सीएमएचओ डॉ. अतुलकर ने जोबट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खट्टाली और उबलड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैथोलॉजी लैब, मेटरनिटी वार्ड, एक्स-रे यूनिट, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, वार्ड रिकॉर्ड एवं साफ-सफाई व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता को लेकर फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के समय सीबीएमओ डॉ. विजय बघेल, डॉ. नरेंद्र मोरी सहित संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।
मिशन सुरक्षित मातृत्वः सरकारी अस्पतालों में ही हो हर प्रसव
सीएमएचओ डॉ. अतुलकर ने इस अवसर पर। बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, स्वच्छता बनाए रखने और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सख्त निर्देश दिए कि सभी डॉक्टर एवं कर्मचारी समय से 10 मिनट पहले ड्यूटी पर उपस्थित हों, न कि देर से। डॉ. अतुलकर ने कहा क्षेत्र के? लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। मेरी पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि जिले की गर्भवती महिलाओं का प्रसव सरकारी अस्पतालों में ही हो, ताकि जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित रहे।
बेवजह रेफर वाले सिस्टम पर लगाम लगाने पर रहेगा फोकस
सीएमएचओ ने जिले में प्रचलित बेवजह रेफर सिस्टम पर भी चिंता जताई कहां मुझे जानकारी मिली है कि छोटे-छोटे मामलों में भी मरीजों को रेफर कर दिया जाता है। उपलब्ध संसाधनों का पूरा उपयोग कर हम यहीं इलाज करेंगे। बेवजह रेफर करने की प्रवृत्ति पर मेरा पूरा फोकस रहेगा। डॉ. अतुलकर ने यह भी स्पष्ट किया कि वे लगातार जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। नवागत सीएमएचओ के इस एक्शन मोड से जिले की जनता को नई उम्मीद जगी है। अब देखना यह होगा कि ये शुरुआती सख्त कदम आने वाले समय में आलीराजपुर के खास्थ्य तंत्र को कितनी मजबूती प्रदान कर पाते हैं। ये तो आने वाला वक्त ही बता पायेगा।