
मुंबई। जब पूरा साल शोरगुल भरी ब्लॉकबस्टर्स फिल्मों का रहा, उन सबके बीच ‘सैयारा’ ऐसी फिल्म आई, जिसने दशक की सबसे बड़ी प्रेम कहानी बनकर दर्शकों का दिल जीत लिया। बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने और ब्लॉकबस्टर बनने के बाद अब यह फिल्म टीवी के परदे के जरिए बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचने को तैयार है। महानगरों से लेकर छोटे कस्बों तक दिलों को छूने के लिए ‘सैयारा’ अपना वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर लेकर आ रही है। सोनी मैक्स ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इसकी घोषणा की, कि यह फिल्म 20 दिसंबर को रात 8 बजे केवल सोनी मैक्स पर प्रसारित होगी।
मोहित सूरी के निर्देशन और यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘सैयारा’ एक म्यूज़िकल रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें अहान पांडे और अनीत पड्डा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। उनकी परफॉर्मेंस ने दर्शकों के दिल पर गहरा असर छोड़ा और फिल्म रिलीज़ के तुरंत बाद ही उन्हें देशभर में लोकप्रिय हार्टथ्रॉब बना दिया। भारतीय दर्शक हमेशा से बेहतरीन प्रेम कहानियों के प्रति आकर्षित रहे हैं। ऐसी कहानियां जो बार-बार देखी जाती हैं और हर बार नया अहसास जगाती हैं। ‘सैयारा’ इसी भावनात्मक जुड़ाव को छूती है।
यह फिल्म ऐसे रोमांस को दिखाती है, हर दर्शक के दिल में बस जाने का इरादा रखता है। कहानी है क्रिश कपूर (अहान पांडे) की है, जो एक जुनूनी संगीतकार है और वाणी बत्रा (अनीत पड्डा) है शांत, कोमल हृदय वाली कवयित्री। दोनों की राहें संगीत और कला के प्रति साझा प्रेम से एक होती हैं। जब क्रिश को पता चलता है कि वाणी अल्जाइमर से जूझ रही है, तब भी उसका प्यार डगमगाता नहीं, बल्कि वह उसके साथ खड़े रहने का फैसला करता है। यह दर्शाते हुए कि सच्चा प्यार हर कठिनाई से ऊपर होता है। फिल्म का संगीत भी दर्शकों के दिलों में बस जाता है और इसका टाइटल ट्रैक तो वायरल हिट बन चुका है! क्रिसमस नज़दीक होने के साथ, सैयारा एकदम परफेक्ट वॉच मानी जा रही है। गर्माहट भरी, भावुक और रोमांटिक स्टोरी।