
इंदौर। देवगुराड़िया बायपास रोड स्थित सहारा सिटी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से घूम रहे तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया। रालामंडल रेस्क्यू टीम द्वारा लगाए गए पिंजरे में मंगलवार रात तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
वन विभाग के अनुसार बीते कुछ दिनों से सहारा सिटी और आसपास की कॉलोनियों में तेंदुए की मौजूदगी की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। क्षेत्र में तेंदुए के पंजों के निशान मिलने के बाद उसके मूवमेंट की पुष्टि हुई। इसके बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया और रालामंडल रेस्क्यू टीम ने सहारा सिटी क्षेत्र में दो पिंजरे लगाए। मंगलवार रात तेंदुआ शिकार की तलाश में पिंजरे के पास पहुंचा और उसमें कैद हो गया।
डीएफओ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि सहारा सिटी के आसपास घना जंगल है,जहां नीलगाय सहित अन्य वन्य प्राणियों का मूवमेंट बना रहता है। कुछ समय पहले इसी इलाके में तेंदुए द्वारा कुत्तों का शिकार किए जाने की भी सूचना मिली थी। पकड़ा गया तेंदुआ करीब चार साल का वयस्क नर है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए के साथ उसके दो शावकों की भी मौजूदगी देखी गई है। इस आशंका को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के इलाकों में सर्चिंग और निगरानी बढ़ा दी है। पकड़े गए तेंदुए को मेडिकल परीक्षण के लिए प्राणी संग्रहालय ले जाया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे सुरक्षित दूरस्थ जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
मंगलवार रात जवाहर टेकरी के समीप हिम्मतगढ़ क्षेत्र में भी तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम वहां भी सघन सर्चिंग अभियान चला रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।