
इंदौर। राजस्व प्रकरणों के समय पर और पारदर्शी निराकरण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने महू (डॉ भीमराव अम्बेडकर नगर) के तीन पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि प्रशासनिक लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निलंबित किए गए पटवारियों में आशीष कटारे,अनिता चौहान और मेघा शर्मा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, इन तीनों पर अपने कार्यक्षेत्र में राजस्व प्रकरणों को समय पर निपटाने में गंभीर लापरवाही बरतने के साथ-साथ अनुशासनहीनता और अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। तहसील महू के ग्राम सांतेर (रसलपुरा) से संबंधित खसरा नंबर 68/1 एवं 69/1 के राजस्व प्रकरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने जांच कराई। जांच में इन पटवारियों की भूमिकाएं संदिग्ध पाई गईं। पाया गया कि निर्धारित समय सीमा में प्रकरण का निराकरण न तो किया गया और न ही बिंदुवार विवरण प्रस्तुत किया गया, जिससे प्रकरण लंबित होकर हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई आदेशित की। निलंबन अवधि में तीनों पटवारियों का मुख्यालय देपालपुर निश्चित किया गया है, जहां उन्हें विभागीय नियमों के अंतर्गत रिपोर्टिंग करना होगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिले में राजस्व कार्यों की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जनहित एवं राजस्व मामलों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।