

विक्रम सेन
अजमेर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ACB ने अजमेर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियन्ता और सहायक प्रशासनिक अधिकारी को 30000 रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। एसीबी टीम ने पीछा कर आरोपी को पकड़ा, जिसने भागते हुए रिश्वत के पैसे फेंक दिए थे।
इस गिरफ्तारी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें AEN फरार होने के लिए रिश्वत की राशि लेकर भाग रहा है, और एसीबी ऑफिसर गली में दौड़ लगाते हुए इसे पकड़ते हुए दिख रहे है।
विस्तृत जानकारी अनुसार भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने बताया कि
जिले के उधमपुरा, सूरजगढ़ निवासी विमलेश ने 6 जून को एसीबी के झुंझुनू कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने पीएम सूर्यघर योजना के तहत अपनी फाइल लगाई थी, लेकिन डिस्कॉम इसे अप्रूव नहीं कर रहा था। एईन आजाद सिंह अहलावत ने प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह के माध्यम से फाइल अप्रूव करने के लिए 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इस शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी झुंझुनू की टीम ने डीएसपी इस्माइल खान के नेतृत्व में अपना जाल बिछाया और मंगलवार को परिवादी विमलेश को प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह को रिश्वत की रकम देने के लिए खेतड़ी रोड स्थित एक निजी स्कूल के पास बुलाया. एसीबी टीम यहां पहुंच गई।
डीएसपी इस्माइल खान और उनकी टीम के एक अधिकारी स्कूल के सामने स्थित एक वर्कशॉप की दुकान पर बैठ गए। कुछ ही देर में अधिकारी नरेंद्र सिंह अपनी बाइक पर वहां पहुंचा। जैसे ही परिवादी ने नरेंद्र को रिश्वत के 30 हजार रुपए दिए। एसीबी टीम ने नरेंद्र की और लपके। एसीबी टीम को अपनी और आता देख नरेंद्र को आशंका हुई, वह अपनी बंद बाइक पटक कर एक गली में भागने लगा। भागते-भागते ही उसने रिश्वत के पैसे गली के कोने पर एक खाली प्लॉट में फेंक दिए, लेकिन उसकी यह चाल सफल नहीं हो सकी। ACB टीम के सदस्यों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और प्लॉट से फेंके गए रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए।
पकड़े जाने पर नरेंद्र सिंह एसीबी टीम के सामने गिड़गिड़ाने लगा और बोला कि इसमें से मुझे तो 5 हजार रुपए भी नहीं मिलेंगे।
पूछताछ के बाद नरेंद्र सिंह की तस्दीक पर एसीबी ने सहायक अभियंता आजाद सिंह अहलावत को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को एसीबी चिड़ावा थाने लेकर आई।
यहां पूरे मामले में सबूतों को मुहरबंद किया गया।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के घरों पर भी सर्च किया गया। नरेंद्र सिंह के सुलताना गांव स्थित घर और एईईएन आजाद सिंह के गादली गांव वाले मकान पर एसीबी की अलग-अलग टीमों ने दबिश दी और दस्तावेज खंगाले। सर्च ऑपरेशन लगभग ढाई घंटे चला।
बता दें कि रिश्वत के आरोप में पकड़ा गया आरोपी नरेंद्र सिंह की आज शादी की सालगिरह भी थी। परिजनों ने सुबह ही सोशल मीडिया पर उसे शुभकामनाएं दी थीं, लेकिन कुछ घंटों में ही वो रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार हो गया।
फिलहाल, दोनों आरोपियों से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।
फिल्मी स्टाइल में ट्रेप की इस कार्रवाई में एसीबी एएसपी इस्माइल खान के नेतृत्व में सीआई सुरेश, एएसआई रोहिताश्व, हेड कांस्टेबल त्रिलोक, करणसिंह, कनिष्ठ सहायक प्रमोद पूनिया, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, कुमार सानू, राकेश और विक्रम शामिल थे, जिन्होंने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस घटना का वीडियो देखने के लिए नीचे की और फेसबुक की लिंक दी हुई हैं, उस पर क्लिक कर ओपन करें।