
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड (1) के तहत अपनी शक्तियों का उपयोग करते हुए विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 17 दिसंबर 2025, बुधवार को प्रातः 11 बजे भोपाल में आहूत किया है। यह अधिसूचना 12 दिसंबर 2025 को विधानसभा सचिवालय द्वारा सार्वजनिक की गई।
राज्यपाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि राज्य की विधानसभा को निर्धारित तिथि एवं समय पर समवेत होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। विशेष सत्र में महत्वपूर्ण विधायी और प्रशासनिक विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के बीच यह सत्र विशेष महत्व रखता है।
विधानसभा सचिव अरविंद शर्मा द्वारा जारी प्रतिलिपि सूचनार्थ पत्र में बताया गया कि यह अधिसूचना मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव,सभी मंत्रियों,वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस महानिदेशक, कलेक्टरों, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और भारत सरकार के संबंधित विभागों को भेजी गई है, ताकि सत्र की तैयारी सुनिश्चित की जा सके।
जानकारों का मानना है कि यह सत्र किसी विशेष विधेयक,नीति या अत्यावश्यक सरकारी कार्यवाही के लिए आयोजित किया जा रहा है। सत्र में राज्य सरकार द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों पर प्रदेशभर की नजरें टिकी रहेंगी।