
इंदौर। त्योहार, शीतकालीन अवकाश और बढ़ती यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो महत्वपूर्ण स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की। इनमें पहली ट्रेन निजामुद्दीन-बांद्रा टर्मिनस एसी स्पेशल है, जो रतलाम मंडल में ठहराव के साथ एक-एक फेरा चलेगी। दूसरी डॉ अंबेडकर नगर-तोकुर स्पेशल ट्रेन है, जो विशेष किराए पर दो-दो फेरों में संचालित होगी।
– निजामुद्दीन-बांद्रा एसी स्पेशल
इस ट्रेन से लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी। गाड़ी संख्या 04006 गुरुवार 11 दिसंबर को निजामुद्दीन से रवाना होकर 12 दिसंबर शुक्रवार को 11.00 बजे बांद्रा पहुंचेगी। रतलाम में इसका आगमन 00.30 बजे और प्रस्थान 00.40 बजे हुआ। वहीं वापसी में 04005 बांद्रा से 12 दिसंबर को 14.40 बजे चलेगी और 13 दिसंबर को 11.10 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। इस फुल एसी स्पेशल में फर्स्ट, सेकंड और थर्ड एसी कोच शामिल हैं तथा कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और बोरीवली में स्टॉपेज रहेगा।
– अंबेडकर नगर-तोकुर स्पेशल :
इस स्पेशल ट्रेन से छुट्टियों में भीड़ का समाधान होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी (संख्या 09304/09303) दो फेरों में चलाई जाएगी। 09304 अंबेडकर नगर से 21 व 28 दिसंबर को शाम 4.30 बजे चलेगी और मंगलवार सुबह 3.00 बजे तोकुर पहुंचेगी। इस दौरान इंदौर, देवास, उज्जैन, नागदा और रतलाम सहित कई स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
वापसी में 09303 ट्रेन 23 व 30 दिसंबर को सुबह 5.00 बजे तोकुर से चलकर अगले दिन दोपहर 3.30 बजे अंबेडकर नगर पहुंचेगी। यह ट्रेन पूर्णतः आरक्षित है, जिसमें थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी कोच लगाए जाएंगे।
टिकट बुकिंग 13 दिसंबर से
09304 के लिए टिकट आरक्षण 13 दिसंबर 2025 से यात्री आरक्षण केंद्रों एवं IRCTC वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व समय-सारणी एवं संबंधित अपडेट भारतीय रेल की आधिकारिक जानकारी स्रोतों से प्राप्त करें।