
देवास। शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना की आत्महत्या के बाद सामने आए वीडियो ने देवास जिले के आबकारी विभाग में अवैध वसूली के गंभीर आरोपों को उजागर कर दिया। मरने से पहले रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में मकवाना ने जिला आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित पर प्रतिमाह 1.50 लाख की वसूली का आरोप लगाया है। उसके अनुसार अब तक उससे 22 लाख से अधिक की अवैध वसूली की जा चुकी थी।
इस वीडियो में मृतक स्पष्ट रूप से बताता है कि वह चापड़ा, करनावद और डबल चौकी के शराब ठेके संचालित करता था। उस पर लगातार लाखों रुपए की मांग का दबाव बनाया जाता था। मकवाना का कहना था कि पैसे न देने पर माल सप्लाई रोकने और ठेके बंद कराने की चेतावनी दी जाती थी। बढ़ते आर्थिक नुकसान और मानसिक दबाव का हवाला देते हुए उसने खुदकुशी को अपनी मजबूरी बताया। वीडियो वायरल होने के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजनों ने इंदौर में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वीडियो बेहद गंभीर है। पुलिस जांच जारी है और तथ्यों की पुष्टि के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित ने सभी आरोप सिरे से खारिज करते हुए कहा कि न तो उन्होंने किसी से अवैध वसूली की मांग की और न दबाव बनाया। मेरे कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन सब कुछ स्पष्ट कर देंगे। विवाद को और गहरा करने वाला एक दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से अधिकारी मृतक के परिवार से 2 करोड़ की रकम को लेकर समय मांगते हुए नजर आ रही हैं। इससे मामले पर और प्रश्नचिन्ह लग गए।
मृतक ने 8 नवंबर को आत्महत्या की थी। परिवार ने 23 नवंबर को कनाडिया थाने में इस मामले को लेकर आवेदन दिया। इसके बाद 24 नवंबर को जिला आबकारी अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक देवास को आवेदन सौंपा। इतने महत्वपूर्ण आरोपों के बावजूद विभागीय चुप्पी और देरी कई संदेहों को जन्म दे रही है। क्या सच में ठेकेदारों से हर महीने अवैध वसूली होती है? क्या विभागीय अधिकारियों की भूमिका इस कथित उगाही तंत्र में शामिल है? क्या आर्थिक दबाव ने एक युवा ठेकेदार की जान ले ली? अब परिवार की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं कि वीडियो में सामने आए आरोपों पर क्या ठोस कदम उठाया जाएगा। यह मामला सिर्फ आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम में फैले कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ उठी एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।
