
अलीगढ़ । एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। करीब दस महीने पहले अपने होने वाले दामाद के साथ घर से भागने वाली महिला सपना अब इस बार अपने ही जीजा के साथ फरार हो गई है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस युवक राहुल के साथ वह घर बसाकर रह रही थी, अब उसी को धोखा देकर महिला गायब हो गई है। पीड़ित युवक थाने में गुहार लगा रहा है, लेकिन फिलहाल पुलिस कार्रवाई को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मडराक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली सपना का करीब एक साल पहले अपनी बेटी के होने वाले पति राहुल से फोन पर बातचीत के दौरान प्रेम संबंध हो गया था। अप्रैल 2025 में शादी से ठीक 10 दिन पहले सपना अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ घर से फरार हो गई थी। उस समय इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। परिवार का आरोप था कि सपना घर से करीब पांच लाख रुपए के जेवर और साढ़े तीन लाख रुपए नकद लेकर गई थी। बेटी ने मीडिया के सामने यहां तक कहा था कि मां घर में दस रुपए भी नहीं छोड़कर गईं।
कुछ समय बाद सपना खुद लौट आई थी, लेकिन राहुल के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई थी। पुलिस काउंसलिंग के बाद दोनों को साथ रहने की अनुमति भी दे दी गई थी। इसके बाद राहुल और सपना एक साथ रह रहे थे।
अब इस मामले में नया मोड़ तब आया जब 6 फरवरी को राहुल काम पर गया हुआ था। उसी दौरान सपना का जीजा, जिसे वह बहनोई बताता है, घर पहुंचा और कथित रूप से सपना को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। राहुल का आरोप है कि सपना इस बार भी अपने साथ करीब दो लाख रुपए और जेवरात लेकर गई है। राहुल का कहना है कि सपना पिछले कुछ समय से लगातार अपनी बेटी, बहन और बहनोई के संपर्क में थी।
राहुल ने पहले बिहार के सीतामढ़ी जिले में शिकायत की, लेकिन वहां से उसे कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद वह अलीगढ़ के दादो थाने पहुंचा। दादो थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी का कहना है कि यह मामला नेपाल बॉर्डर से सटे क्षेत्र से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, इसलिए स्थानीय स्तर पर सीधे कार्रवाई करना आसान नहीं है। पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
बताया जा रहा है कि सपना के दो बच्चे हैं, एक बेटी जिसकी शादी तय थी और एक बेटा। दामाद संग भागने के बाद सपना के पति ने भी दूसरी शादी कर ली है। ग्रामीणों के अनुसार, उसने करीब 15 दिन पहले ही दूसरा विवाह किया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सामाजिक रिश्तों की मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले दामाद के साथ फरार, अब जीजा संग लापता, सपना की यह कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं राहुल न्याय के लिए थानों के चक्कर काटने को मजबूर है।