
विक्रम सेन
बंगलूरू । कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओमप्रकाश की रविवार को उनके निजी घर में हत्या कर दी गई थी।
प्रारंभिक जॉच में पता चला है कि उनकी पत्नी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था, आपसी झगड़े के बाद उन्होंने ही पति की हत्या की है।
सूत्रों के मुताबिक, तीखी बहस के बाद पल्लवी ने प्रकाश के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। कर्नाटक के पूर्व पुलिस प्रमुख जब जलन से राहत पाने के लिए छटपटा रहे थे तो पल्लवी ने उन पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त को वीडियो कॉल किया और कथित तौर पर कहा कि मैंने राक्षस को मार दिया है।
ओम प्रकाश मर्डर केस की एफआईआर में पत्नी पल्लवी और बेटी कृति को आरोपी बनाया गया है। बेटे ने शिकायत में लिखा है कि उनकी मां और पिता के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
अभी तक हुई जांच के मुताबिक, रविवार शाम 4:30 बजे पुलिस को क्राइम का पता फोन काल से चला था। इतने बड़े पूर्व आला अधिकारी की हत्या की खबर सुनते ही पुलिस की एक टीम उनके निवास पर पहुंची।
पुलिस की टीम वहां पहुंची, उस वक्त घर में पत्नी पल्लवी और उनकी बेटी मौजूद थीं। दोनों ने घर का दरवाजा नहीं खोला था। इसके कुछ देर बाद HSR ले आउट इंस्पेक्टर वहां गए और थोड़ी देर में ज़ोनल डीसीपी सारा फातिमा भी वहां पहुंच गईं। इसके बाद घर का दरवाजा खोला गया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को क्राइम सीन से वो चाकू भी मिल गया है, जिससे कथित तौर पर ओमप्रकाश पर हमला किया गया था।
पत्नी ने ही की पूर्व डीजीपी की हत्या- सूत्र
पुलिस ने कहा कि क्राइम के वक्त घर में ओम प्रकाश के अलावा उनकी पत्नी पल्लवी और बेटी के अलावा कोई और मौजूद नहीं था। हालांकि, हाई प्रोफाइल केस होने के चलते पुलिस का कहना है कि बेटे की शिकायत पर FIR दर्ज करने और पोस्टमार्टम के बाद ही मामले की विधिवत जांच शुरू होगी।
सूत्रों के मुताबिक, हत्या दंपति के बीच अक्सर होने वाले झगड़ों का नतीजा थी। पता चला है कि कर्नाटक के दांडेली में एक जमीन से संबंधित संपत्ति विवाद भी वारदात की वजहों में से एक है। कुछ महीने पहले पल्लवी ने शिकायत दर्ज कराने के लिए एचएसआर लेआउट पुलिस स्टेशन का रुख किया था। जब वहां के कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं मानी, तो उन्होंने पुलिस स्टेशन के सामने धरना दिया।
संपत्ति को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात आईपीएस सर्कल में चर्चा का विषय बनी हुई है। ओम प्रकाश चाहते थे कि उनकी सारी संपत्ति उनके बेटे को दे दी जाए, जबकि पत्नी पल्लवी भी उसमें हिस्सा चाहती थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक वॉट्सएप ग्रुप में हाल ही में पत्नी पल्लवी ने इस बात का जिक्र किया था कि वो अपने पति के टॉर्चर का शिकार हो रही हैं। उन्हें और उनकी बेटी को गन दिखाकर मारने की धमकी दी जा रही है।
यह भी पता चला है कि पल्लवी को सिजोफ्रेनिया था और वह दवा भी ले रही थी।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि विस्तृत जांच से कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या के पीछे की सच्चाई सामने आएगी। हालांकि, ऐसा कहा जा रहा है कि उनकी पत्नी पल्लवी ने उनकी हत्या की है। हत्या के पीछे के कारण के बारे में पूछे जाने पर परमेश्वर ने कहा कि उन्हें कोई सुराग नहीं है, जांच शुरू हो चुकी है।
बता दें कि बिहार के रहने वाले 1981 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रकाश 68 वर्षीय सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी चंपारण, बिहार के मूल निवासी थे। उन्होंने भूविज्ञान में मास्टर डिग्री प्राप्त की थी। ओम प्रकाश को 1 मार्च, 2015 को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था।
20 अप्रैल रविवार को बंगलूरू शहर के पॉश एचएसआर लेआउट में अपने तीन मंजिला घर के ग्राउंड फ्लोर पर खून से लथपथ पाए गए थे।