
बुलंद शहर । हेलो बोल… मैं पूर्व विधायक मुकेश पंडित बोल रहा हूं, आप कौन बोल रहे हैं। जवाब- विधायक तुझे रप्पा-रप्पा काटूंगा, सिर में इतनी गोलियां मारूंगा कि पीतल बीनने वाला भी अमीर हो जाएगा।
जी हां, इसी अंदाज में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मुकेश पंडित को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। पूर्व विधायक ने पुलिस कोतवाली में इस मामले की शिकायत की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार बाहुबली पूर्व विधायक मुकेश पंडित रविवार को पार्टी के कार्यक्रम के तहत एक गांव में पार्टी के सदस्यों से चर्चा कर रहे थे, इसी दौरान उनके मोबाइल नंबर पर किसी अज्ञात नंबर से कॉल आई, उन्होंने इस कॉल को रिसीवर पर रख दिया, इस कॉल करने वाले के अंदाज ने पूर्व विधायक मुकेश पंडित और समर्थकों को चिंता में डाल दिया।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के नेता मुकेश पंडित बाहुबली विधायक भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित के छोटे भाई हैं।
गुड्डू पंडित ने 2007 और 2012 में बसपा और सपा के टिकट पर पूर्व सीएम कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह को डीबाई विधानसभा क्षेत्र से हराया था। मुकेश पंडित ने 2012 में राजनीति में कदम रखा और सपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। 2017 एमएलसी चुनावों के दौरान कथित तौर पर दोनों भाइयों ने समाजवादी पार्टी के व्हिप का उल्लंघन किया और उन पर भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करने का आरोप लगाया गया और उन्हें सपा से निकाल दिया गया। उन्हें भाजपा में शामिल कर लिया गया और 2017 में पार्टी टिकट देने का वादा भी किया गया, जो आखिरकार नहीं मिला। जिसके बाद वे राष्ट्रीय लोक दल में शामिल हो गए।
बाहुबली गुड्डू पंडित को जानें
गौतमबुद्ध नगर जिले मे जन्मे दसवीं पास श्रीभगवान शर्मा दो बार विधायक रह चुके हैं। वे बुलंद शहर जिले के डीबाई विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी तथा बसपा के सदस्य रहे थे।
2014 में नोएडा विधानसभा सीट से गुड्डू पंडित की पत्नी भी सपा से टिकट लेकर चुनावी रण में उतरी थी लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।