
इंदौर। महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश के तहत क्राइम ब्रांच ने सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी आयुष अग्निहोत्री को गिरफ्तार किया है। उसने एक युवती के शादी से इनकार करने पर ये कृत्य किया। आरोपी वैशाली नगर का निवासी होकर इंजीनियर होकर डाटा एनालिस्ट का कार्य भी करता है।
मामले की शुरूआत जुलाई 2025 में हुई, जब फरियादिया ने थाना बाणगंगा में शिकायत दर्ज कराई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके रिश्तेदारों और पड़ोसियों के घरों पर आपत्तिजनक पत्र और न्यूड फोटो भेज रहा है। इन पत्रों में फरियादी और उसकी बहनों के खिलाफ गंदी बातें लिखी होती थीं, जिससे परिवार को मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी झेलनी पड़ रही थी। लगातार सात बार जुलाई 2025 से जनवरी 2026 के बीच इस तरह की घटनाएं हुईं। आरोपी बेहद शातिर था और अपनी पहचान छुपाने के लिए मास्क और टोपी पहनकर अलग-अलग बसों से उज्जैन, देवास, खातेगांव, आष्टा और धार के डाकघरों में जाकर डाक से भेजता था।
लिखा कि कोई रिश्ता न करे
तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थलों से मिले सबूतों के आधार पर क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसकी शादी फरियादी की बहन से तय होने वाली थी, लेकिन कुंडली नहीं मिलने के कारण परिवार ने शादी से इनकार कर दिया। इस रंजिश में आरोपी ने फोटो मॉर्फ कर न्यूड पोस्टर बनाए और उन्हें मोहल्ले, रिश्तेदारों के घरों के आसपास चिपकाया, ताकि परिवार की सामाजिक छवि खराब हो जाए और कोई रिश्ता न करे। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के अलावा आईटी एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट में आरोपी को गिरफ्तार किया है।