
इंदौर। शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के तहत एक ही दिन में 700 से अधिक वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर खास नजर रखी गई। जांच के दौरान 591 ऐसे वाहन चालक पकड़े गए, जो बिना हेलमेट सड़क पर वाहन चलाते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार चालान काटे। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले वाहन चालकों पर भी सख्ती दिखाई गई। नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने वाले 112 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि ऐसे वाहन जाम की स्थिति पैदा करते हैं और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। एडिशनल डीसीपी (ट्रैफिक) राजेश दंडोतिया ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर और अधिक सख्ती बरती जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के लिए बेहद जरूरी है।