
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह के फैंस के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। रिंकू सिंह अपने पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण टीम का कैंप छोड़कर अपने घर लौट गए हैं। जानकारी के मुताबिक, उनके पिता लीवर कैंसर (स्टेज 4) से जूझ रहे हैं और वर्तमान में वेंटिलेटर पर हैं।
टीम इंडिया के लिए बढ़ी मुश्किलें
भारतीय टीम इस समय टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अहम पड़ाव पर है। रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले मुकाबले की तैयारी के लिए चेन्नई में अभ्यास शिविर का हिस्सा थे, लेकिन पारिवारिक आपात स्थिति के चलते उन्हें तुरंत निकलना पड़ा।
अभ्यास से रहे बाहर
रिंकू ने 24 फरवरी को टीम के अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि यह उम्मीद जताई जा रही है कि वे जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले दूसरे सुपर-8 मैच से पहले टीम के साथ जुड़ सकते हैं, लेकिन अभी तक बीसीसीआई या खिलाडी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वर्ल्ड कप में भारत की स्थिति, ‘करो या मरो’ की जंग
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 का पहला मुकाबला गंवाने के बाद भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए टीम को अपने अगले दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे।
– 26 फरवरी : बनाम जिम्बाब्वे (चेन्नई)
– 1 मार्च: बनाम वेस्टइंडीज
रिंकू सिंह का टीम में न होना मध्यक्रम के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। हालांकि इस टूर्नामेंट में अब तक उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं (अधिकतम स्कोर 11 रन), लेकिन उनकी फिनिशिंग क्षमता टीम के लिए हमेशा एक्स-फैक्टर रही है।