
भोपाल। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में आज जवाहर चौक पर कांग्रेस ने ‘किसान महाचौपाल’ बुलाई है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सभा संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील में प्रधानमंत्री ने देश को बेच दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से देश का डेटा सौंपा गया, किसानों, टेक्सटाइल उद्योग और रोजगार को नुकसान पहुंचाया गया, जो शर्म की बात है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अमेरिका में अडानी से जुड़े मामलों को लेकर प्रधानमंत्री चिंतित हैं और 14 महीनों से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि गौतम अडानी कोई बिजनेसमैन नहीं नरेंद्र मोदी का फाइनेंशियल स्ट्रक्चर है। वे उसे अमेरिका से बचाने के लिए पूरे देश को दांव पर लगा रहे हैं। अडानी पर जो क्रिमिनल केस है, वह मोदी जी के सिर के ऊपर लगता हुआ है। उन्होंने हिंदुस्तान को धोखा दिया है। देश के किसानों को अमेरिका के हाथों बेच दिया गया। यह सच्चाई है और सिर्फ किसानों को ही नहीं टेक्सटाइल इंडस्ट्री को भी बेच दिया।
21वीं सदी की सेंचुरी डेटा की सेंचुरी है। जिसके पास डेटा है, वह जीतेगा जिसके पास डेटा नहीं है वह खत्म हो जाएगा। दुनिया में सबसे ज्यादा डाटा हिंदुस्तान के पास है, क्योंकि यहां सबसे बड़ी आबादी है। सबसे ज्यादा डाटा यहीं बनता है। दूसरे नंबर पर चीन है। हिंदुस्तान के डाता के बिना चीन का मुकाबला अमेरिका नहीं कर सकता। आपके डाटा के बिना अमेरिका कभी चीन का मुकाबला नहीं कर सकता और इस डील में छोटी सी स्क्रिप्ट में पीछे नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान का सारा का सारा डाटा अमेरिका के हवाले कर दिया।
किसानों को खत्म किया, हमारी टेक्सटाइल इंडस्ट्री भी खत्म कर दी और उसी के एकदम अमेरिका ने कहा कि हम तो बांग्लादेश की मदद करेंगे। अमेरिका ने हमसे करार किया कि भारत को हर साल 9 लाख करोड रुपए का माल खरीदना पड़ेगा और ये करार 5 साल के लिए हुआ है। जब 9 लाख करोड रुपए का माल अमेरिका से खरीदेंगे, तो हमारी इंडस्ट्री का क्या होगा, हमारी फैक्ट्री का क्या होगा? देश को तो सारा का सारा नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के दबाव में आकर दे दिया। एग्रीकल्चर दे दिया और टेक्सटाइल भी दे दिया।
राहुल गांधी ने कहा कि मैं आपको लिखकर दे सकता हूं अगर नरेंद्र मोदी पर दबाव नहीं होता, अपनी छवि और अपने राजनीतिक भविष्य को बचाने की धमकी नहीं होती तो शायद वे नहीं करते। उन्होंने ये सब बचने के लिए किया है और मैं आपको बता रहा हूं कि बच नहीं सकते। उनको कोई शक्ति नहीं बचा सकती है।
50 हजार लोगों की क्षमता वाला डोम
‘किसान महाचौपाल’ के लिए 50 हजार लोगों की क्षमता वाला डोम तैयार किया गया है। सभा स्थल पर जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं की पुलिस से बहस हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कार्यक्रम में आने वालों को प्लेटिनम प्लाजा और वीआईपी रोड डिपो की ओर से एंट्री दी जा रही है। वहीं जवाहर चौक, माता मंदिर और न्यू मार्केट की तरफ से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके बावजूद कई मार्गों पर कांग्रेसी अब भी डटे हुए हैं। प्रवेश न मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है, जबकि पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।
