
इंदौर। शहर के आराध्य श्री खजराना गणेश मंदिर में 6 से 8 जनवरी तक आयोजित होने वाले परंपरागत तिल चतुर्थी मेले की भव्य तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। शनिवार को मंदिर परिसर में तिल-गुड़ से बने सवा लाख लड्डुओं के निर्माण का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया।
मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट, पं सुमित एवं पं पुनीत भट्ट ने विधि विधान से पूजा-अर्चना कर लड्डू निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई। भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी के नेतृत्व में शहर के प्रसिद्ध रसोइए खेमजी महाराज की टीम के 40 कुशल रसोइये दस भट्टियों पर लगातार 72 घंटे तक लड्डुओं का निर्माण करेंगे। यह कार्य 5 जनवरी की रात्रि तक चलेगा।
6 जनवरी को सुबह 10 बजे कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा तथा निगमायुक्त व मंदिर प्रशासक क्षितिज सिंघल द्वारा पूजा कर गणेशजी को सवा लाख लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण प्रारंभ होगा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार 7 जनवरी को गणेश जी को गोंद के लड्डुओं का भोग तथा 8 जनवरी को उड़द के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा।
तिल चतुर्थी मेले के अवसर पर मंदिर परिसर को पुष्प एवं विद्युत सज्जा से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। मालवा के प्रख्यात इस मेले में दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले में पूजा-अर्चना के विशेष आयोजन, पुष्प श्रृंगार के साथ-साथ चकरी, झूले एवं अन्य पारंपरिक मनोरंजन के साधन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।