
इंदौर। शनिवार को दूषित पानी प्रभावित भागीरथपुरा में कांग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहुंचे। उन्होंने दूषित पानी पीने से मृत लोगों के परिजनों और बीमार हुए लोगों से मुलाकात की। एयरपोर्ट से राहुल गांधी पहले बॉम्बे हॉस्पिटल गए, जहां उन्होंने दूषित पानी से पीड़ित मरीजों और परिजन से मुलाकात की, फिर भागीरथपुरा पहुंचे।
भागीरथपुरा में मृतकों के परिजन से मिलने के बाद उन्होंने कहा कि ये नए मॉडल की स्मार्ट सिटी है। पीने का पानी नहीं है। कई लोग पानी पीने के बाद बीमार हुए, यानी इंदौर में साफ पानी नहीं मिलता है। क्या यही है अर्बन मॉडल। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही है। किसी को ये राजनीति लगे तो लगे, लेकिन लोगों को साफ पानी मिलना चाहिए। राहुल के प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सीधा हमला किया।
दो परिवारों से मुलाकात की
राहुल गांधी भागीरथपुरा पहुंचे और दूषित पानी से जान गंवाने वाली गीता बाई और जीवन लाल के परिवार से मिले। दोनों परिवारों को उन्होंने आर्थिक मदद के चेक दिए। इसके बाद राहुल गांधी संस्कार गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने अन्य प्रभावितों के परिजनों से मुलाकात की। राहुल गांधी ने सभी को एक-एक लाख और सिंघार ने 50-50 हजार रुपए के चेक दिए। राहुल के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अजय सिंह भी रहे।


लोग पानी पीकर मर रहे
राहुल गांधी ने कहा कि कई परिवारों में लोगों की डेथ हुई, लोग बीमार हुए हैं। ये कहा जाता था कि देश को स्मार्ट सिटी दी जाएंगी, ये नए मॉडल की स्मार्ट सिटी है। पीने का पानी नहीं है, लोगों को डराया जा रहा है। सभी परिवार पानी पीने के बाद बीमार हुए। इंदौर में लोगों को पीने के लिए साफ पानी नहीं मिल सकता, पानी पीकर लोग मरते हैं। क्या यही है अर्बन मॉडल!
सरकार जिम्मेदारी ले
कांग्रेस नेता ने कहा कि ये सिर्फ इंदौर में नहीं है। अन्य शहरों में भी यही हो रहा है। सरकार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रही। सरकार में कोई तो जिम्मेदार होगा, जिसने यहां ये काम करवाया है, इसलिए जिम्मेदारी सरकार को ही लेनी चाहिए। लोगों ने जो इलाज कराया है, मौतें हुई हैं उसके लिए सरकार को मुआवजा तो देना चाहिए।
पानी नहीं मिल रहा
राहुल गांधी ने कहा कि उनको रहवासियों ने बताया कि इलाके में जो टंकी है ये घटना का सिंबल है। आज भी लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा। अभी बैन लगा दिया, लेकिन कुछ दिन में हटा दिया जाएगा और फिर वही पानी दिया जाएगा। लोग कह रहे हैं जो सरकार की जिम्मेदारी है उसे पूरा करे। भाजपा के इस सवाल पर कि आप यहां राजनीति करने आए हैं! जवाब में राहुल ने कहा कि मैं उनको सपोर्ट करने यहां आया हूं। मैं विपक्ष का नेता हूं। यहां उनका मुद्दा उठाने उनकी मदद करने आया हूं। इसमें कोई गलत काम नहीं है। मेरी जिम्मेदारी बनती है कि हमारी देश में लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा है तो मदद करूं। मैं इनके साथ खड़ा हूं। आप इनको साफ पानी दिलवाइए।