
इंदौर। बकाया वसूली को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले जूनी इंदौर तहसील प्रशासन ने प्रतिष्ठित डेली कॉलेज प्रबंधन और मॉल संचालक गुरजीतसिंह छाबड़ा (पिंटू छाबड़ा) को डायवर्सन टैक्स बकाया के नोटिस जारी किए। दोनों मामलों में कुल मिलाकर करीब ढाई करोड़ रुपए की वसूली नोटिस जारी की गई। डेली कॉलेज के प्रिंसिपल के नाम पर 1.50 करोड़ रुपए का नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन के अनुसार नोटिस में बताया गया कि मूसाखेड़ी स्थित कॉलेज परिसर के 3,34,870 वर्गमीटर क्षेत्र का पिछले पांच साल से डायवर्सन टैक्स जमा नहीं किया गया। इसमें करीब 1 करोड़ रुपए मूल टैक्स के साथ 50% जुर्माना जोड़कर कुल 1.50 करोड़ रुपए की वसूली बताई गई है। इसके अलावा कॉलेज की चितावद ग्राम स्थित 29,670 वर्गमीटर जमीन पर भी बकाया टैक्स को लेकर अलग से नोटिस जारी किया गया। इस जमीन पर 13.35 लाख रुपए टैक्स के साथ 50 प्रतिशत जुर्माना जोड़कर पांच साल का बकाया मांगा गया है।
57 लाख का टैक्स पिंटू छाबड़ा पर बकाया
निपानिया क्षेत्र में जमीन को लेकर मॉल संचालक पिंटू छाबड़ा को भी नोटिस थमाया गया है। प्रशासन के मुताबिक उनकी 3.667 हेक्टेयर जमीन पर 57.36 लाख रुपए का डायवर्सन टैक्स निकाला गया। दूसरी जमीन, जो पिंटू छाबड़ा और उनकी पत्नी प्रभजोत कौर के संयुक्त नाम पर 1.939 हेक्टेयर है, उस पर 49.25 लाख रुपए की वसूली नोटिस जारी किया। इस तरह छाबड़ा दंपती पर करीब 1 करोड़ रुपए का डायवर्सन टैक्स बकाया बताया गया है।
टैक्स वसूली का लक्ष्य आधा भी नहीं
तहसील प्रशासन ने दोनों पक्षों को तय समय सीमा में राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में कुर्की सहित अन्य सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस बार इंदौर में डायवर्सन टैक्स वसूली का लक्ष्य अभी तक आधा भी पूरा नहीं हो पाया है। अधिकारियों के मुताबिक कई राजस्व अधिकारी एसआईआर कार्यक्रम में व्यस्त रहे, जिसके कारण वसूली की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में अब प्रशासन तेजी से बकाया वसूली में जुट गया है।